जनवाणी ब्यूरो |
नई दिल्ली: विश्व सुंदरी ऐश्वर्या राय आज अपना 49वां जन्मदिन मना रही हैं। अमिताभ बच्चन के बेटे अभिषेक से शादी करने के बाद वह ऐश्वर्या राय बच्चन हो गईं। ऐश्वर्या राय बच्चन ने नेशनल से लेकर इंटरनेशनल प्लेटफॉर्म तक अपनी एक अलग पहचान बनाई है।
ऐश्वर्या राय आज भी लोगों के दिलों पर राज करती हैं। यहीं नहीं उनकी खूबसूरती के दीवाने पूरी दुनिया में हैं। तभी तो कांस फिल्म फेस्टिवल जैसे विदेशी सरजमीं पर होने वाले इवेंट में लोग उनकी एक झलक देखने को बेताब रहते हैं। हाल ही में रिलीज हुई फिल्म ‘पोन्नियिन सेल्वन: I’ में ऐश्वर्या के किरदार को काफी सराहा गया है।

ऐश्वर्या राय ने अपनी नौवीं तक की पढ़ाई हैदराबाद से पूरी की। इसके बाद आगे की पढ़ाई के लिए उन्होंने डीजी रूपारेल कॉलेज में दाखिला लिया। इसी दौरान उन्हें कई मॉडलिंग प्रोजेक्ट में हिस्सा लेने का मौका मिला। धीरे-धीरे टीवी विज्ञापन करते हुए उन्होंने मिस इंडिया कॉन्टेस्ट में हिस्सा लिया और सेकेंड रनर अप रहीं। 1994 में ऐश्वर्या राय मिस वर्ल्ड चुनी गईं।

ऐश ने अपने फिल्मी करियर की शुरुआत 1997 की तमिल फिल्म इरुवर से की थी और उसी साल उनकी पहली हिंदी फिल्म ‘और प्यार हो गया’ भी रिलीज हुई। ऐश्वर्या ने मोहब्बतें, ताल, मेला, जोश, हम तुम्हारे हैं सनम, देवदास, रेनकोट, धूम 2, गुरु, सरकार राज समेत कई सुपरहिट फिल्मों में काम किया। उनका आइटम नंबर कजरा रे उनके करियर का सबसे हाईलाइटेड सॉन्ग रहा।

अभिषेक और ऐश्वर्या की मुलाकात पहली बार साल 2000 में हुई थी जब वह फिल्म ‘ढाई अक्षर प्रेम के’ की शूटिंग कर रहे थे। इसके बाद किस्मत से अभिषेक और ऐश्वर्या फिल्म ‘उमराव जान’ के सेट पर मिले…दोस्ती हुई और दोस्ती धीरे-धीरे प्यार में बदल गई। 2007 में इस कपल ने शादी कर ली।

ऐश्वर्या राय बच्चन ने अपनी बेटी आराध्या के जन्म के बाद एक्टिंग से ब्रेक लिया और संजय गुप्ता की क्राइम थ्रिलर जज़्बा के साथ 5 साल बाद वापसी की। ‘ऐ दिल है मुश्किल’ में ऐश्वर्या के किरदार को काफी सराहा गया. उन्होंने अपने फिल्मी करियर में विभिन्न भाषाओं में 45 से अधिक फिल्मों में अभिनय किया।

