जनवाणी संवाददाता |
शामली: यमुना नदी का जलस्तर कैराना ब्रिज के पास फिर से बढ़ना प्रारंभ हो गया है। सुबह के समय जलस्तर ने 231 मीटर के चेतावनी बिंदु को पार कर लिया था। जलस्तर बढ़ने पर ड्रेनेज विभाग सतर्क हो गया है।
यमुना नदी का जलस्तर दो दिन चेतावनी बिंदु से नीचे रहने के बाद सोमवार को एक बार फिर बढ़ता नजर आया। प्रातः के समय चेतावनी बिंदु 231 मीटर को यमुना नदी के जलस्तर ने पार कर लिया।
जलस्तर बढ़ने से ड्रेनेज विभाग के अधिकारियों ने बाढ़ चौकियों को जहां अलर्ट कर दिया है, वहीं किसानों से यमुना नदी की ओर न जाने की अपील की है।
दूसरी ओर, ऊन तहसील क्षेत्र के गांव लक्ष्मीपुरा में छठे दिन भी यमुना नदी के तेज बहाव के चलते किसानों की जमीन का कटाव जारी है। अब तक तेज बहाव में सैकड़ों बीघा फसलें यमुना नदी की गोद में समा गई हैं। तेज बहाव के कारण कटाव जारी होने के चलते ग्रामीणों में चिंता पसरी हुई है।

