- बहन से छेड़खानी करने वाले शोहदों की थाने पर की थी शिकायत
जनवाणी संवाददाता |
मेरठ: बहन से छेड़खानी की शिकायत करने से गुस्साए शोहदों ने सिविल लाइन क्षेत्र में युवक को अगवाकर उसकी जमकर पिटाई की। पिटाई से युवक की हालत बिगड़ गई है। थाना सिविल लाइन के प्रगति नगर निवासी करन गढ़ रोड स्थित एक प्रिंटिग यूनिट में काम करता है। शनिवार को वह ई-रिक्शा से घर लौट रहा था। जेल चुंगी चौराहे के समीप दशहरा मेला लगा होने की वजह से ई-रिक्शा वाले उसको कुछ चौराहे के समीप उतार दिया।
वहां से वह पैदल ही प्रगति नगर के लिए जा रहा था। बताया जाता है कि उसी दौरान तीन बाइकों पर सवार होकर आधा दर्जन युवक वहां आए। इन युवकों ने आते ही करन पर हमला बोल दिया। जमकर पीटा और सरेआम बाइक पर डालकर उसको अगवा कर लिया। जहां यह घटना हुई वहां काफी लोग आ जा रहे थे। किसी ने भी करन को बचाने का प्रयास नहीं किया। आरोप है कि अगवा करने वाले उसको पीवीवएनएल के सुनसान मैदान में ले गए। वहां जमकर पिटाई की।
करन किसी प्रकार गिरता पड़ता अपने घर पहुंचा। परिजनों ने बताया आरोपियों ने कुछ समय पहले करन की बहन से छेड़खानी की थी। उसकी शिकायत थाना सिविल में की गई थी। करन की शिकायत पर पुलिस ने तो आरोपियों पर कोई कार्रवाई नहीं की, लेकिन आरोपियों ने करन की बुरी गत बना डाली है। इस संबंध में सीओ सिविल लाइन का कहना है कि इंस्पेक्टर को कार्रवाई के आदेश दिए गए हैं।
धारदार हथियार से महिला का गला काटा
मेरठ: परतापुर थाना क्षेत्र के काशी गांव निवासी महिला नजराना पत्नी निजाम का हथियार से गला काट दिया। महिला ब्रिज बिहार कॉलोनी के पास रेलवे लाइन के पीछे खेत से भागती हुई आई और शोर मचाना शुरू कर दिया। वहां पर मौजूद आसपास के लोगों ने जब जाकर देखा तो महिला का गला कटा हुआ था। महिला ने पुलिस को बताया कि सालीम पुत्र नवाब ने गला काटा है। जिसके बाद महिला बेहोश हो गई और सूचना के बाद मौके पर पहुंची परतापुर पुलिस ने महिला को मेडिकल में उपचार के लिए भेज दिया गया। वहीं, इस संबंध में इंस्पेक्टर जितेंद्र सिंह का कहना है कि सालीम पुत्र नवाब की तलाश जारी है।
किसान से जमकर मारपीट
दौराला: चिरौड़ी गांव निवासीठ किसान धर्मेंद्र व उसके दो साथियों के साथ गांव के दो व बड़कली गांव निवासी एक युवक ने मारपीट की। किसान ने अपने साथियों के साथ मिलकर तीनों को नलकूप पर बैठकर शराब पीने से मना किया था। आरोपियों ने किसान की गाड़ी में भी तोड़फोड़ की। धर्मेंद्र ने बताया कि वह अपने नलकूप पर साथी सुधीर राठी, जितेंद्र सिंह के साथ गया था। खेत पर पहुंचने के बाद उसने नलकूप पर गांव के ही राजन, नितिन उर्फ चिंटू और बड़कली गांव निवासी सोनू को शराब पीते देखा।
धर्मेंद्र ने दोनों साथियों के साथ मिलकर तीनों को शराब पीने से मना किया, जिस पर आरोपी तीनों युवकों ने गाली-गलौज शुरू कर दी। विरोध करने पर तीनों ने धर्मेंद्र व उसके साथियों के साथ मारपीट की और गाड़ी के शीशे तोड़ दिए। आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए भाग निकले। मारपीट में जितेंद्र को गंभीर चोट आई। थाने पहुंचे धर्मेंद्र ने पुलिस को जानकारी देते हुए तीनों को नामजद कर मुकदमा दर्ज कराया। पुलिस आरोपियों की तलाश में जुट गई है।
रंजिशन लाठी-डंडों से हमला, घायल
सरधना: कोतवाली क्षेत्र के झिटकरी गांव निवासी अमित पुत्र राधेश्याम ने पुलिस को बताया कि परिवार के ही कुछ लोग उनसे रंजिश रखते हैं। रविवार को आरोपियों ने उनके साथ गाली-गलौज कर दी। विरोध करने पर आरोपियों ने घर में घुसकर लाठी-डंडों से हमला कर दिया। आरोपियों ने अमित की बेरहमी से पिटाई की। उसे बचाने दौड़ी पत्नी प्रिया को भी जमकर पीटा। हमले में दंपति घायल हो गया। शोर सुनकर आसपास के लोग उस ओर दौड़ पड़े। लोगों को आता देख आरोपी धमकी देते हुए फरार हो गए। पुलिस ने घायलों का उपचार कराया। पीड़ित पक्ष ने आरोपियों के खिलाफ कोतवाली में तहरीर दी है।

