- मोहकमपुर में गत्ता फैक्ट्री में काम करता था युवक परिजनों ने किया हंगामा
जनवाणी संवाददाता |
मेरठ: ब्रह्मपुरी थाना क्षेत्र के तहत माधवपुरम सेक्टर-3 डी ब्लॉक में एक युवक की हत्या कर शव को तीसरी मंजिल से नीचे फेंक दिया। शव मकान के बाहर खड़ी ट्रैक्टर-ट्रॉली के अंदर आकर गिरा। तड़के ट्रॉली में लाश मिलने से सनसनी फैल गई। परिजनों ने जब शव देखा तो हत्या का आरोप लगाते हुए हंगामा शुरू कर दिया। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम से ही युवक की मौत का असल कारण पता चल सकेगा।
जानकारी के मुताबिक, माधवपुरम सेक्टर-3 डी ब्लॉक निवासी लकी चड्ढा (30 साल) परिवार के साथ अंकित डेयरी के मकान के ऊपर तीसरी मंजिल पर किराए पर रहते थे। वह मोहकमपुर स्थित गत्ता फैक्ट्री में काम करते थे। शाम को वह फैक्ट्री से घर आए और पत्नी से बात करने के उपरांत ऊपर चले गए। सुबह करीब चार बजे उनका शव मकान के सामने खड़ी ट्रैक्टर-ट्रॉली में मिला। शव ट्राली में औंधा पड़ा था। जानकारी मिलने पर लोग एकत्र हो गए। परिजनों ने हत्या की बात कहते हुए शोरशराबा शुरू कर दिया। काफी देर तक मोहल्ले में हंगामी स्थिति बनी रही। सूचना मिलने पर ब्रह्मपुरी थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और जांच पड़ताल की।
फोरेंसिक टीम को भी बुलाया गया। पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। परिजनों का कहना है कि बदमाशों ने लकी की हत्या की है और शव को तीसरी मंजिल से घर के सामने खड़ी ट्रैक्टर-ट्रॉली के अंदर फेंका है। हत्यारोपियों का पता लगाया जाए। हालांकि परिजनों ने किसी तरह की रंजिश से इंकार किया। उधर, एसपी सिटी आयुष विक्रम सिंह का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही आगे की कार्रवाई की जाएगी। मामले की जांच की जा रही है और आसपास के सीसीटीवी कैमरे भी खंगाले जा रहे हैं। परिजनों से भी पूछताछ की जा रही है।
सुमित हत्याकांड: गांव में पसरा सन्नाटा, पुलिस बल तैनात
मेरठ: बीते मंगलवार को भावनपुर थाना क्षेत्र के मानपुर गांव में आपसी रंजिश में हुई 30 वर्षीय सुमित उर्फ रिंकू की हत्या में पुलिस की कई टीमें लगी हुई हैं। थाने पर अधिकारियों का जमावड़ा रहा और मानपुर गांव में सन्नाटा पसरा रहा। हत्या में रिंकू के पिता ने पांच लोगों के खिलाफ थाने में नामजद रिपोर्ट कराई है। थानाध्यक्ष भावनपुर अजीत सिंह का कहना है कि जल्द ही आरोपियों की गिरफ्तारी की जाएगी। पुलिस की कई टीम हत्यारोपियों को पकड़ने में लगी हुए हैं। जल्द ही हत्या का खुलासा किया जाएगा। पुलिस ने मामले में शकके आधार पर मानपुर गांव के ही दो लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की है।
दो पक्षों में खूनी संघर्ष, जमकर चले लाठी-डंडे
गंगानगर: थाना क्षेत्र के रजपुरा में मंगलवार देर रात जमकर लाठी-डंडे चले। जिसमें दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। रजपुरा निवासी आशु ने बताया कि पड़ोसी ओमबीर, पवन, राहुल ने उनके चाचा रविंद्र कुमार और सुरेंद्र सिंह के साथ जबरन घर में घुसकर मारपीट की। मारपीट में घायल को निजी अस्पताल में भर्ती कराया। मारपीट की वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रही है। जिसमें दर्जन भर लोग हाथों में लाठी-डंडे और एक व्यक्ति के हाथ में बलकटी भी नजर आ रही है। मामले में थाना प्रभारी गंगानगर अनूप सिंह का कहना है कि तहरीर मिली है। जिन लोगों ने भी इस घटना को अंजाम दिया है। उनके खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।

