जनवाणी ब्यूरो |
नई दिल्ली: फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों का दुनियाभर के इस्लामी देशों में विरोध हो रहा है। कारण कि मैक्रों ने बीते दिनों इस्लाम धर्म को लेकर एक बयान दिया था, जिसे इन देशों में विवादित माना गया। यहां तक कि राष्ट्रपति मैक्रों पर पैगंबर मोहम्मद के आक्रामक कार्टूनों का समर्थन करने और जान बूझकर मुस्लिमों की भावनाओं को आहत करने का आरोप भी लगाया जा रहा है। अब इसके जवाब में इस्लाम के प्रचारक जाकिर नाइक ने बयान दिया है। हालांकि नाइक ने राष्ट्रपति मैंक्रो का नाम नहीं लिया है।
दरअसल, जाकिर ने फेसबुक पर एक पोस्ट के जरिए राष्ट्रपति मैक्रों पर निशाना साधा है। पेरिस में एक शिक्षक की हत्या के बाद फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों के बयानों के बाद जाकिर की यह प्रतिक्रिया आई है। इसमें जाकिर ने कुरान की एक आयत का जिक्र किया है। मैक्रों का नाम लिए बिना विवादित रहे इस्लाम धर्म के प्रचारक जाकिर नाइक ने अपनी पोस्ट में कहा है कि अल्लाह के बंदे को गाली देने वालों को दर्दनाक सजा मिलेगी।
जाकिर नाइक ने अपनी ताजा पोस्ट में लिखा- वास्तव में, जो लोग अल्लाह और उसके रसूल को गाली देते हैं- अल्लाह ने उन्हें इस दुनिया में और उसके बाद शाप दिया है और उनके लिए अपमानजनक सजा की तैयारी की है। अल कुरआन 33:57। इससे पहले 28 अक्तूबर को किए गए पोस्ट में जाकिर ने लिखा, ‘अल्लाह के दूत को गाली देने वालों को एक दर्दनाक सजा मिलेगी।’ हालांकि इसके बाद भी जाकिर ने कई और पोस्ट शेयर किए हैं।
जाकिर नाइक ने इससे पहले भी कई बार विवादित बयान दिए हैं। कुछ दिन पहले ही जाकिर नाइक ने भारतीयों के खिलाफ जहर उगला था और कहा था कि पैगंबर मोहम्मद की आलोचना करने वाले भारत के गैर मुस्लिमों को मुस्लिम देशों की जेल में डाल देना चाहिए। उसने कहा कि पैगंबर की आलोचना करने वाले ज्यादातर लोग बीजेपी के भक्त हैं।
जाकिर नाइक ने कहा था कि अगली बार जब ये गैर मुस्लिम लोग खाड़ी देशों में मसलन कुवैत, सऊदी अरब या इंडोनेशिया में आएं तो उनकी जांच की जानी चाहिए और यह पता लगाना चाहिए कि इन्होंने कभी और कहीं पैगंबर या इस्लाम के बारे में अपमानजनक टिप्पणी तो नहीं की है। अगर उन्होंने ऐसा किया है तो उन्हें जेल में डाल देने चाहिए। इसके अलावा, जाकिर ने फ्रांस के सामानों का बहिष्कार करने का भी आह्वान किया था। बता दें कि जाकिर नाइक अभी मलेशिया में है।

