- प्रत्येक महीने 9 व 24 को प्रधानमंत्री सुरक्षित मातृत्व क्लीनिक संचालित
जनवाणी ब्यूरो |
लखनऊ: प्रदेश के उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने बताया कि प्रदेश में विटामिन-ए सम्पूर्ण अभियान के दूसरे चरण का आयोजन दिनांक 28 दिसम्बर दिन बुधवार से प्रारम्भ हो गया है जो आगामी एक माह तक जारी रहेगा। अभियान के दौरान 9 माह से 5 वर्ष तक के बच्चों को विटामिन ए की 9 खुराकों से आच्छादित किया जाता है, जिससे बच्चों में रोग प्रतिरोधक क्षमता में वृद्धि, कुपोषण में कमी एवं शारीरिक विकास, आंख के रोग- जैसे रतौंधी से बचाव, आंखों की परत कोर्निया की सुरक्षा होती है। साथ ही बाल मृत्यु दर में कमी आती है।
इस अभियान के दौरान प्रदेश में लगभग 2.41 लाख सत्र आयोजित कर 9 माह से 5 वर्ष तक के कुल 2.55 करोड़ बच्चों को विटामिन ए की खुराक से आच्छादित किया जाएगा। प्रदेश में प्रत्येक वर्ष दो चरणों में छः माह के अन्तराल पर विटामिन ए सम्पूर्ण प्रदेश के समस्त जनपदों में विटामिन-ए सम्पूर्ण अभियान के प्रथम चरण का आयोजन अगस्त, 2022 में किया गया था, जिसकी उपलब्धि का राज्य औसत 87.73 प्रतिशत रहा। पाठक ने आम जनता से अपील की है कि वो अपने बच्चों को टीकाकरण सत्रों पर स्वयं ले जाकर विटामिन-ए की खुराक पिलवाएं जिससे बच्चों में शारीरिक विकास, आंख के रोग, दस्त इत्यादि बीमारियों से बचाव किया जा सके।
वहीं उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने बताया कि जनपद व ब्लाक स्तर पर प्रत्येक माह की 9 तारीख एवं समस्त एफआरयू पर प्रत्येक माह की 24 तारीख को प्रधानमंत्री सुरक्षित मातृत्व क्लीनिक संचालित की जा रही है।

