- कोर्ट ने कैदी को नाबालिग से दुष्कर्म व हत्या के मामले में सुनाया था आजीवन कारावास
जनवाणी ब्यूरो |
बिजनौर: सेंटर जेल बरेली से फरार कैदी नरपाल उर्फ सोनू को बिजनौर पुलिस ने दबोच लिया है। नरपाल आजीवन कारावास की सजा काट रहा था। फरार होने के बाद पुलिस महानिरीक्षक बरेली ने कैदी के ऊपर 50 हजार रूपए का इनाम घोषित किया था। पुलिस ने अभियुक्त के पास एक अवैध तमंचा भी मिला है।
किरतपुर के गांव मौज्जमपुर रायपुर निवासी नरपाल उर्फ सोनू पुत्र रमेश चंद पाल ने 2009 में क्षेत्र की एक नाबालिग से दुष्कर्म व मर्डर किया था। किरतपुर पुलिस ने फरवरी 2009 में अभियुक्त को गिरफ्तार कर कोर्ट के आदेश पर जेल भेज दिया था। माननीय न्यायालय फास्ट टैक कोर्ट-1 ने आरोप सही पाए जाने पर अभियुक्त को आजीवन कारावास व 15 हजार रूपए अर्थदंड की सजा सुनाई थी।
अभियुक्त के विरूद्ध एनएसए की कार्रवाई की गई थी। दंडित होने के बाद अभियुक्त को केंद्रीय कारागार जनपद बरेली में शिफ्ट किया गयाथा। अभियुक्त नरपाल एक फरवरी 2021 की सुबह केंद्रीय कारागार से फरार हो गया था। जिस पर पुलिस महानिरीक्षक बरेली परिक्षेत्र ने 50 हजार रुपए का इनाम घोषित किया था। बिजनौर पुलिस ने मामले को गंभीर से लेते हुए फरार अभियुक्त को दो फरवरी को किरतपुर क्षेत्र में रायपुर तिराहे से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने उसके पास एक तमंचा भी बरामद किया है।
दुष्कर्म व हत्या समेत आधा दर्जन से अधिक मुकदमें है दर्ज
केंद्रीय जेल से फरार अभियुक्त नरपाल पर बिजनौर के किरतपुर थाने में दुष्कर्म व हत्या समेत आधा दर्जन से अधिक मुकदमें दर्ज है। अभियुक्त बहुत की शातिर किस्म का अपराधी है, इसलिए वह केंद्रीय जेल से फरार होने में कामयाब रहा था।
| ‘आईजी बरेली परिक्षेत्र के निर्देश पर चार टीमें बनाकर उसकी तलाश की जा रही थी। मंगलवार को आरोपी घर जाते समय रायपुर तिराहे से दबोच लिया है। अभियुक्त पर दुष्कर्म व हत्या समेत आधा दर्जन से अधिक मुकदमें किरतपुर थाने में दर्ज है। अभियुक्त से पुछताछ की जा रही है। पूछताछ के बाद जेल भेजा जाएगा।’ -डा. धर्मवीर सिंह, एसपी बिजनौर |

