- नगर पालिका ने कूडा उठाने को मंगवाए थे 15 वाहन
जनवाणी संवाददाता |
कैराना: नगर पालिका परिषद कैराना में 93 लाख रुपये की कीमत से खरीदे गए 15 नए वाहन दो महीने से धूल फांक रहे हैं। नगर पालिका ने कस्बे से कूड़ा उठाने को वाहन खरीदे थे लेकिन अभी तक उनके चालक नहीं मिल पाए हैं। यदि जल्द ही चालक नहीं मिले तो यें नए वाहन खराब होने की स्थिति में पहुंच जाएंगे।
नगर पालिका परिषद कैराना ने कस्बे की साफ सफाई चुस्त दुरस्त करने के उद्देश्य से आनलाइन जैम पोर्टल द्वारा करीब दो माह पहले कुड़ा उठाने के 15 वाहन 93 लाख की कीमत में खरीदे थे। आनलाइन भुगतान होने के बाद वाहन भी आ गए थे जो इस समय नगर पालिका की टंकी नंबर एक परिसर में खडे है। लेकिन दो माह बीत जाने के बाद भी वाहनों के पहिए थमे हुए है।
मामले में नगर पालिका के अधिशासी अधिकारी हेमराज पुंडीर ने बताया कि जैम पोर्टल द्वारा कुडा उठाने के 15 वाहन 93 लाख रुपये में आनलाइन खरीदे गए थे। करीब एक माह पहले चालकों के लिए जैम पोर्टल से आउटसोर्सिंग के अंतर्गत आपूर्तिकर्ता ठेकेदारों से बिड मांगी गई थी। जिस ठेकेदार के रेट कम होंगे उसे से चालकों की आपूर्ति करने का ठेका दिया जाएगा। जैम पोर्टल पर रजिस्टर्ड ठेकेदार भी रोजगार कार्यालय से ही चालकों की नियुक्ति कर सकेगा। अभी तक इस मामले में कोई कार्रवाई आगे नहीं बढ़ सकी है।

