जनवाणी संवाददाता |
लखनऊ ब्यूरो: आजम खान पर अखिलेश यादव की चुप्पी उनके गले का फांस बनती जा रही है। नतीजतन उत्तर प्रदेश में मुस्लिम नेताओं का समाजवादी पार्टी से मोहभंग होता जा रहा है। बीते दिन रामपुर में आजम खान के समर्थकों ने अखिलेश यादव पर मुस्लिम समुदाय की अनदेखी करने का आरोप लगाया था।

विरोध का यह सिलसिला धीरे धीरे बढ़ता जा रहा है। इतना ही नहीं मुस्लिम नेता अब समाजवादी पार्टी से दूरी भी बनाने लगे हैं। इसी कड़ी में सुलतानपुर सपा नेता सलमान जावेद राय ने आज़म खान के समर्थन में इस्तीफा दे दिया।

उन्होंने अखिलेश यादव पर मुसलमानों के लिए न बोलने का आरोप लगाया।
माना जा रहा है कि आजम खान, नाहिद हसन और शहजील इस्लाम पर हो रही कार्यवाही पर अखिलेश के चुप रहने से नाराज़ होकर सलमान जावेद दिया ने इस्तीफा दिया है।
उधर खबर है कि अखिलेश यादव से नाराज शिवपाल यादव, आज़म खान के संपर्क में हैं। चर्चा है कि दोनो की जोड़ी नया सियासी गुल खिला सकती है।
सूत्रों के मुताबिक सब कुछ ठीक रहा तो एक साथ एक मंच पर शिवपाल और आज़म खान की जोड़ी दिख सकती है।
फिलहाल आजम खान सीतापुर जेल में बन्द हैं। आज़म खान के समर्थक खुलकर अखिलेश यादव के खिलाफ बगावत कर रहे हैं।

