जनवाणी ब्यूरो |
नई दिल्ली: भारत की राष्ट्रीय हॉकी टीम की जर्सी का रंग नीले से भगवा किए जाने की चर्चाओं के बीच कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी वाड्रा ने गुरुवार को केंद्र सरकार और राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि सरकार चाहे जर्सी का रंग बदले या शिक्षा नीति के जरिए इतिहास को बदलने की कोशिश करे, लेकिन देश की सोच और उसकी मूल आत्मा को नहीं बदला जा सकता।
प्रियंका गांधी ने कहा, “चाहे वे जर्सी का रंग बदलें या शिक्षा नीति के जरिए इतिहास को फिर से लिखने की कोशिश करें, वे चाहे जो भी करें। आपने देखा है कि हमारे देश के युवा क्या सोचते हैं। आपने जंतर-मंतर पर जुटे युवाओं की आवाज सुनी है। यही देश की असली आवाज है।”
आरएसएस पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि भारत की आजादी की लड़ाई अहिंसा और सत्य के सिद्धांतों पर लड़ी गई थी, जिसमें आरएसएस की कोई भूमिका नहीं थी। उन्होंने कहा कि महात्मा गांधी के नेतृत्व में कांग्रेस ने स्वतंत्रता आंदोलन का नेतृत्व किया और देश की आत्मा सत्य, अहिंसा, भाईचारे और एकता पर आधारित है।
प्रियंका गांधी ने कहा, “वे चाहे जितना भी समाज में विभाजन पैदा करें, हिंसा भड़काएं या नफरत फैलाएं, लेकिन देश की आत्मा कायम रहेगी। इसे न आरएसएस और न ही कोई अन्य खत्म कर सकता है।”
उन्होंने अपने संबोधन में लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी का भी जिक्र किया। प्रियंका ने कहा, “राहुल जी ने आपके सामने जिस युवक के पूरे शरीर पर पैलेट के निशान दिखाए थे, वे पैलेट कहां से आए? क्या वे आसमान से गिर गए थे?”
प्रियंका गांधी के इस बयान को हॉकी टीम की जर्सी के रंग और मौजूदा राजनीतिक मुद्दों पर केंद्र सरकार के खिलाफ कांग्रेस के हमले के तौर पर देखा जा रहा है। वहीं, इस मुद्दे पर सरकार की ओर से तत्काल कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।

