जनवाणी ब्यूरो |
नई दिल्ली: अभी तक हिंदी सिनेमा के सामने तमिल, तेलुगू और कन्नड़ फिल्मों की ही मुसीबत थी, अब लगता है कि हिंदी सिनेमा को आने वाले दिनों में पंजाबी, मराठी और मलयालम फिल्मों से भी दिक्कत होने वाली है। इसकी वजह है कोरोना संक्रमण काल में हिंदीभाषी दर्शकों को अंग्रेजी सबटाइटल्स के साथ दूसरी भाषाओं की फिल्में देखने की पड़ी आदत और ये आदत हिंदी सिनेमा की कथ्य के हिसाब से बोझिल लगने वाली फिल्मों का सूपड़ा साफ करने वाली है।
जयेशभाई की नहीं हुई जै जै!
हिंदी सिनेमा की मौजूदा दशक की सबसे बड़ी फ्लॉप फिल्म बनने की तरफ आगे बढ़ रही देश के ब्रांड बाजार में सिनेमा के सबसे बड़े नाम रणवीर सिंह का नाम सारा का सारा मिट्टी में मिला देने वाली फिल्म बन चुकी है, ‘जयेशभाई जोरदार’। फिल्म की हालत ये है कि लोग इसके बारे में बात तक करने को तैयार नहीं है।
इसकी बड़ी वजह फिल्म के कथानक से फिल्म के हीरो का कोई मेल न होना है। फिल्म की रिलीज से पहले रणवीर ने जो चैनल चैनल हरकतें कीं, उसने भी इस गंभीर फिल्म के रुआब पर असर डाला है। फिल्म ने सोमवार को शुरुआती आंकड़ों के हिसाब से डेढ़ करोड़ रुपये का कारोबार किया है और ये तब है जब सोमवार को पूरे देश में सरकारी छुट्टी थी। फिल्म का कारोबार बमुश्किल अब तक 13 करोड़ रुपये तक पहुंचता दिख रहा है।
‘केजीएफ 2’ का कलेक्शन सिर्फ दो करोड़
उधर, अपनी रिलीज के 33वें दिन ‘केजीएफ चैप्टर 2’ के प्राइम वीडियो पर पे पर व्यू के हिसाब से रिलीज होने की खबर आई और इसने फिल्म के बॉक्स ऑफिस कलेक्शन पर भी असल डाला। फिल्म ने सोमवार को बॉक्स ऑफिस पर सिर्फ दो करोड़ रुपये की कमाई की। फिल्म का देश मे कुल कलेक्शन अब 841.45 करोड़ रुपये हो चुका है। फिल्म की हिंदी में कमाई 427.05 करोड़ रुपये तक पहुंच चुकी है। विदेश में फिल्म 196.70 करोड़ रुपये कमा चुकी है। फिल्म का वर्ल्डवाइड कलेक्शन रिलीज के 33वें दिन तक 1176 करोड़ रुपये रहा।
‘सरकारु वारी पाटा’ का मंडे टेस्ट
कन्नड़ के बाद अब बात करते हैं तेलुगू फिल्म ‘सरकारु वारी पाटा’ की। अभिनेता महेश बाबू की ये फिल्म भी सोमवार को दहाई करोड़ से नीचे आ गई। फिल्म ने रिलीज के पहले चार दिनों में ही हालांकि 104.30 करोड़ रुपये की कमाई कर ली है। लेकिन, सोमावर को फिल्म का कलेक्शन इतवार के 20.10 करोड़ रुपये से गिरकर करीब आठ करोड़ रुपये पर आ जाने की आशंका शुरुआती आंकड़ों में दिख रही है। फिल्म का कुल कलेक्शन अब 112.30 करोड़ रुपये हो चुका है।
एमी विर्क फिर बने हीरो नंबर वन
इस बीच एमी विर्क, सरगुन मेहता और निमरत खैरा स्टारर फिल्म ‘सौंकन सौंकने’ (Saunkan Saunkne) ने पंजाबी फिल्म इंडस्ट्री में नया धमाल कर दिया है। फिल्म ने शुक्रवार को सवा दो करोड़, शनिवार को 3.30 करोड़ और रविवार को 4.10 रुपये का शानदार कलेक्शन करते हुए पहले वीकेंड का कलेक्शन 9.25 करोड़ रुपये तक पहुंचा दिया। पंजाबी सिनेमा में किसी फिल्म का पहले वीकेंड का ये अब तक का सबसे ज्यादा कलेक्शन है। फिल्म ने सोमवार को भी शुरुआती आंकड़ों के हिसाब से करीब दो करोड़ रुपये कमा लिए हैं। फिल्म रिलीज का पहला हफ्ता पूरा होने से पहले ही मुनाफे में आ चुकी है।
और, मराठी में ‘धर्मवीर’ का धमाका
उधर बीते शुक्रवार को रिलीज हुई मराठी फिल्म ‘धर्मवीर’ (Dharmaveer) ने भी लोगों को चौंका दिया है। फिल्म ‘धर्मवीर’ ने शुक्रवार को 2.05 करोड़ रुपये की ओपनिंग लेने के बाद शनिवार को 3.17 करोड़, रविवार को 3.86 करोड़ रुपये और सोमवार को 2.50 करोड़ रुपये बॉक्स ऑफिस पर कमाए हैं। फिल्म का पहले चार दिनों का कलेक्शन अब करीब 11.58 करोड़ रुपये के करीब पहुंच गया। मराठी में किसी फिल्म का कलेक्शन 10 करोड़ रुपये के ऊपर पहले चार दिनों में हो जाना बहुत बड़ी कामयाबी मानी जा रही है।

