जनवाणी संवाददाता |
मोरना: भोपा थानाक्षेत्र में शनिवार की रात अज्ञात चोरों ने तांडव मचाते हुए एक ही रात में पांच ट्यूबवैल के ताले तोड़कर मोटर से तांबे के तार चोरी कर लिए। वहीं दूसरे स्थान पर नलकूप पर लगा ट्रांसफार्मर नीचे गिरा कर उसका तेल चुरा ले गए। एक ही रात में चोरी की आधा दर्जन वारदात होने के बाद ग्रामीणों में दहशत पसर गई है।

आपके सितारे क्या कहते है देखिए अपना साप्ताहिक राशिफल 29 May To 04 June 2022
भोपा निवासी किसान देवेंद्र राठी ने बताया कि भोपा बिजली घर के सामने वाले रास्ते पर उनके खेत हैं। रविवार सुबह वह अपने खेत पर पानी चलाने के लिए गए थे। जैसे ही वह अपनी ट्यूबवेल पर पहुंचे, तो उन्होंने देखा कि उनके ट्यूबवेल के कमरे का ताला टूटा हुआ था। जैसे ही वह कमरे के अंदर घुसे, तो उन्होंने देखा कि अज्ञात चोर अंदर रखे हुए मोटर से तांबे का तार चोरी कर ले गए हैं।

जब उन्होंने मामले की सूचना आस—पास के किसानों को दी, तो किसान भी अपने खेतों की ओर दौड़ पड़े, वहां जाकर भोपा निवासी किसान बॉबी, सहन्सरपाल व भूरा और कादीपुर निवासी हरेंद्र आदि किसानों ने देखा कि उनकी ट्यूबवेल के कमरों के ताले भी टूटे हुए हैं और वहां से भी सामान चोरी किया गया है।
वहीं दूसरी ओर थाना क्षेत्र के गांव धीराहेडी निवासी जयदेव ने बताया कि उसने अपने खेत की सिंचाई करने के लिए विद्युत विभाग से ट्यूबवैल का कनेक्शन ले रखा है। उसकी ट्यूबवेल के पास ही विद्युत विभाग ने ट्रांसफार्मर रखा हुआ है। रविवार सुबह जब खेत पर पहुंचा तो ट्रांसफार्मर नीचे गिरा हुआ था और उसका तेल निकला हुआ था।
एक ही रात में चोरी के आधा दर्जन मामले मिलने के बाद भोपा पुलिस में हड़कंप मच गया। मामले की सूचना पर पहुंची पुलिस ने मामले की जांच पड़ताल शुरू कर दी। वही चोरी के बढ़ते मामलों को लेकर ग्रामीणों और किसानों में रोष का माहौल है।

