जनवाणी संवाददाता |
मुजफ्फरनगर: लाला जगदीश प्रसाद सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज के छात्रों ने सरस्वती प्रतिभा खोज परीक्षा में परचम लहराया। कुलदीप कुमार ने प्रान्त स्तरीय वरीयता सूची में आठवां स्थान प्राप्त किया।
परीक्षा इंचार्ज सुनील पुंडीर ने जानकारी देते हुए बताया कि भारतीय शिक्षा समिति पश्चिमी उत्तर प्रदेश द्वारा आयोजित सरस्वती प्रतिभा खोज परीक्षा में विद्यालय के 13 छात्रों ने प्रतिभाग किया। इस परीक्षा का आयोजन 27 और 28 मार्च को किया गया। इस परीक्षा में विद्यालय के छात्र कुलदीप कुमार ने प्रान्त स्तरीय वरीयता सूची में आठवां स्थान प्राप्त कर विद्यालय का गौरव बढ़ाया।
बुधवार को वंदना सत्र में प्रधानाचार्य हरिओम सहस्त्रबुद्धे ने मेधावी छात्र कुलदीप कुमार को प्रमाण पत्र व स्मृति चिन्ह प्रदान कर पुरस्कृत किया। इसके अतिरिक्त 10 अन्य प्रतिभागी छात्रों को भी प्रमाण पत्र एवं मैडल प्रदान कर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर प्रधानाचार्य हरिओम सहस्त्रबुद्धे ने मेधावी छात्रो को शुभकामनाएं प्रदान की। उन्होंने कहा कि अन्य छात्रों को भी इन मेधावी छात्रों से प्रेरणा लेनी चाहिए और पूरी लगन व एकाग्रता के साथ अध्ययन करना चाहिए। प्रधानाचार्य ने मेधावी छात्रों को तैयारी कराने वाले शिक्षकगणों को भी शुभकामनाएं दी।
इस अवसर पर अभिभावक प्रमेन्द्र सिंह, सतेंद्र कुमार सहित लोकनिरंजन सिंह, ममता शर्मा, तेजपाल सिंह, सुनील पुंडीर, धनप्रकाश वर्मा, नीलम शर्मा, नवनीत कुमार, विमला मिश्रा, दिनेश कुमार आदि शिक्षकगण उपस्थित रहे।

