
जयश्री सिंह ‘जैज’ |
अपने दोनों बच्चों और पति को स्कूल भेजने के बाद सुनीता ने अपने लिए एक कप चाय बनाई और मेज पर रखा अखबार उठा कर पढ़ने लगी। फिर जल्दी से अपना पसंदीदा पन्ना पलटा जिस पर भविष्यफल आता है, अपनी राशि खोजी और उत्सुकता से आज का भविष्यफल पढ़ने लगी-
सिंह राशि, 24 जुलाई -22 अगस्त-कारोबार में वृद्धि होगी। लाभ के अवसर मिलेंगे। तरक्की के मार्ग प्रशस्त होंगे। किसी के साथ यात्रा पर जा सकते हैं।
सुनीता का पति एक प्राइमरी स्कूल में अध्यापक है। तनख्वाह से बामुश्किल घर चलता है। अक्सर महीना खत्म होने से पहले ही पैसे खत्म हो जाते हैं और हर काम के लिए पहली तारीख का इंतजार करना पड़ता है। बस बच्चों की पढ़ाई का खर्चा, घर का किराया और रोजमर्रा की जरूरतें ही किसी तरह पूरी हो पाती हैं।
अपने लिए या घर के लिए कुछ सामान खरीदने का तो सवाल ही नहीं उठता और परिवार के साथ यात्रा पर जाना तो बस, एक ख्वाब सरीखा है। उसे मालूम है कि जिदगी इसी तरह चलेगी। फिर भी ना जाने किस उम्मीद में, वो हर रोज अपना भविष्यफल पढ़ती है। आज का भविष्यफल पढ़कर उसके मन को एक खुशी मिली और वो फिर से घर के काम काज में लग गई।


