- विशेष लिफाफे में बहनों की राखी पहुंचाएगा डाक विभाग
जनवाणी संवाददाता |
मेरठ: डाक विभाग ने भाई-बहन के पवित्र रिश्ते के त्योहार राखी पर एक अनूठी पहल शुरू की है। डाक विभाग ने वाटर प्रूफ लिफाफा जारी किया है जो भीगने पर भी राखी को सुरक्षित रखेगा। यह लिफाफा अन्य लिफाफों से अलग है जिससे डाकिये को पहचाने में दिक्कत नहीं होगी और रक्षा बंधन के पावन पर्व से पहले देश-विदेश में राखी समय पर पहुंच सकेगी।
बता दें कि डाक विभाग की तरफ से लिफाफे को अलग-अलग रंगों से सजाकर आकर्षक बनाया है। इस लिफाफे पर राखी भी प्रिंट की गई है। मेरठ संभागीय डाक घर के वरिष्ठ अधीक्षक अनुराग निखारे ने बताया कि राखी के लिए लिफाफे मंगवाए गए हैं, जो की जिले के अन्य पोस्ट आफिस में भी भेज दिए गए हैं। ऐसे में लिफाफे के लिए महिलाओं को ज्यादा परेशान नहीं होना पड़ेगा। वह अपने नजदीकी पोस्ट आफिस से 10 रुपये में आसानी से ले सकती है।

डाक विभाग ने इस लिफाफे की कीमत 10 रुपये रखी है। जिले के किसी भी डाक घर पर वाटरप्रूफ लिफाफा आसानी से मिल रहा है। यूं तो भाई बहन के घर या फिर बहन भाई के घर पहुंचकर रक्षा बंधन का त्योहार मनाते आए हैं। भाई-बहन का यह पवित्र त्योहार रक्षा सूत्र पर टिका है। राखी समय पर और बिना खराब हुए पहुंच सके, इसलिए डाक विभाग ने वाटरप्रूफ लिफाफा शुरू किया है। डाक विभाग 72 घंटे में देश के हर कोने में पहुंचाने के लिए प्रयासरत है।

