नमस्कार, दैनिक जनवाणी डॉटकॉम वेबसाइट पर आपका हार्दिक स्वागत और अभिनंदन है। छात्र आंदोलन को लेकर सोशल मीडिया पर कई फिल्मी सितारे अपनी राय रख रहे हैं। इसी बीच अभिनेता सलमान खान का एक नया पोस्ट चर्चा में आ गया है। बुधवार को छात्रों के समर्थन में पोस्ट साझा करने के बाद सलमान ने देर रात एक और संदेश जारी किया, जिसमें उन्होंने छात्रों से घर लौटने और सामाजिक कार्यकर्ता सोनम वांगचुक से अपना अनशन समाप्त करने की अपील की। हालांकि, इस पोस्ट के बाद उन्हें सोशल मीडिया पर मिली-जुली प्रतिक्रियाओं का सामना करना पड़ रहा है।
सलमान खान ने क्या लिखा?
सलमान खान ने अपनी एक तस्वीर साझा की, जिसमें वह ‘बीइंग ह्यूमन’ का मग हाथ में लिए नजर आए। पोस्ट के कैप्शन में उन्होंने लिखा, “पढ़ाई और सुरक्षा, दोनों ही मामलों में छात्र हमारी पहली प्राथमिकता हैं। इसलिए छात्रों और उनके माता-पिता को चिंता करने की जरूरत नहीं है। माननीय प्रधानमंत्री ने ट्वीट किया है और मुझे भरोसा है कि पेपर लीक के लिए जिम्मेदार लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होगी। इसलिए छात्रों से अनुरोध है कि वे अपने घर लौट जाएं।”
सोनम वांगचुक को संबोधित करते हुए सलमान ने लिखा, “सोनम, अब बस हो गया। इसे और आगे मत बढ़ाइए। अगर जरूरत पड़ी तो इस जज्बे को किसी और दिन के लिए संभालकर रखिए और कुछ खा-पी लीजिए। चाहें तो मैं घर से खाना भी भेज सकता हूं।”
सोशल मीडिया पर मिली मिली-जुली प्रतिक्रिया
सलमान खान के इस पोस्ट के बाद सोशल मीडिया पर यूजर्स की अलग-अलग प्रतिक्रियाएं देखने को मिलीं। कुछ लोगों ने उनके बयान की आलोचना करते हुए लिखा कि उन्हें छात्रों के आंदोलन का समर्थन करना चाहिए था। वहीं कुछ यूजर्स ने उनके पोस्ट पर व्यंग्यात्मक टिप्पणियां भी कीं।
फैंस ने किया समर्थन
जहां एक ओर सलमान खान को ट्रोल किया गया, वहीं उनके प्रशंसकों ने उनके समर्थन में भी कई पोस्ट किए। इस बीच सामाजिक कार्यकर्ता सोनम वांगचुक ने सरकार से लिखित आश्वासन मिलने के बाद 26 दिनों से जारी अपना अनशन समाप्त कर दिया। इसके बाद कई फैंस ने सलमान के पोस्ट का जिक्र करते हुए लिखा, “भाई ने बोला करने को, तो करने का।”

