- छात्रों ने विद्या भारती की क्षेत्रीय टेबल टेनिस प्रतियोगिता में रजत पदक पर कब्जा जमाया
जनवाणी संवाददाता |
मुजफ्फरनगर: लाला जगदीश प्रसाद सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज के पाँच छात्रों ने विद्या भारती की क्षेत्रीय टेबल टेनिस प्रतियोगिता में रजत पदक पर कब्जा जमाया। इसके अतिरिक्त विद्यालय के तीन छात्रों का चयन सरकार द्वारा आयोजित राज्य स्तरीय वालीबॉल प्रतियोगिता के लिए हुआ ।
खेल प्रशिक्षक रवि प्रकाश ने बताया कि विद्या भारती के तत्वावधान में क्षेत्रीय टेबल टेनिस प्रतियोगिता का आयोजन 13 से 15 सितंबर तक नैनीताल में हुआ। इस प्रतियोगिता में विद्यालय के छात्रों अथर्व शर्मा, राहुल गर्ग, दिव्यांश सिंघल, केशव पालीवाल और नारायण पुंडीर ने द्वितीय स्थान प्राप्त कर रजत पदक पर कब्जा जमाया। इसके अतिरिक्त सरकार द्वारा आयोजित मंडल स्तरीय वालीबॉल प्रतियोगिता का आयोजन भारतीय इंटर कॉलेज नंगला मंदौड़ में हुआ। इस प्रतियोगिता में विद्यालय के तीन छात्रों चिराग राठी, आदित्य काकरान तथा आदित्य चौधरी का चयन राज्य स्तरीय वालीबाल प्रतियोगिता के लिए हुआ। खेल प्रशिक्षक रवि प्रकाश ने जानकारी दी कि अब ये छात्र आगामी 6 से 8 अक्टूबर को बरेली में आयोजित होनी वाली राज्य स्तरीय वालीबॉल प्रतियोगिता में प्रतिभाग करेंगे।
सोमवार को विजेता छात्रों के विद्यालय पहुँचने पर प्रधानाचार्य हरिओम सहस्त्रबुद्धे एवं वरिष्ठ शिक्षक महेश कुमार ने सभी छात्रों को तिलक लगाकर तथा ट्रॉफी व प्रमाण पत्र प्रदान कर सम्मानित किया। इस अवसर पर उन्होंने छात्रों को तैयारी कराने वाले खेल प्रशिक्षकों रवि प्रकाश और आशीष शर्मा को भी सम्मानित किया तथा आगामी प्रतियोगिताओं के लिए शुभकामनाएं प्रदान की।

