जनवाणी संवाददाता |
बिजनौर: विदुर कुटी के समीप गंगा के तट पर कार्तिक पूर्णिमा के पौराणिक अवसर पर आयोजित होने वाले कार्तिक पूर्णिमा गंगा स्नान मेले की तैयारियां युद्ध स्तर पर हो रही हैं। जिन्हें उद्घाटन से पूर्व दुरुस्त किया जाएगा। मेला गत वर्षों की भांति भले ही अधिक दूरी पर है लेकिन मेले में आवागमन के लिए समतल मार्ग तैयार किया जा रहा है। विदुर कुटी से मेला स्थल तक श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए पेयजल तथा प्रकाश से लेकर शौचालय तक की व्यवस्था की जा रही है। गंगा के तट पर इस बार श्रद्धालुओं के टेंट लगाने के लिए गंगा ने विशाल मैदान छोड़ा है।
मेले में दुकानदार तथा झूले सर्कस के साथ-साथ राजनीतिक एवं गैर राजनीतिक संगठनों के लोग पहुंचकर अपने तंबू लगा रहे हैं। चार दिन तक चलने वाले इस विशाल मेले में गांव एवं शहरी अंचल से निकलकर श्रद्धालुओं का रेला गंगा की रेती में जाकर तंबू नगरी का निर्माण करता है।

