- विहिप कार्यकताओं ने विरोध में एसपी आफिस पर किया प्रदर्शन
जनवाणी संवाददाता |
बागपत: निलम्बित दरोगा को बहाल करने के लिए अधिकारियों पर विशेष समुदाय के लोगों द्वारा दबाव जाने की विश्व हिंदू परिषद के कार्यकर्ताओं ने आलोचना की है और इसके विरोध में एसपी आफिस पर प्रदर्शन किया। कार्यकर्ताओं ने कहा कि यदि कोई व्यक्ति सामाजिक महौल खराब करने का प्रयास करेगा तो विहिप उसका प्रतिकार करेगी।
बताते चले कि थाना रमाला में तैनात दरोगा इंतसार अली के विभाग से अनुमति लिए बिना ही दाढ़ी रखने पर एसपी ने उसे निलम्बित कर दिया था। विहिप कार्यकर्ताओं का आरोप है कि शुक्रवार को दरोगा के पक्ष में एक समुदाय विशेष के लोग एएसपी व डीएम से मिले थे और उन पर दरोगा को बहाल करने के लिए दबाव बनाया गया।
इसके विरोध में शनिवार को विहिप कार्यकर्ताओं ने एसपी आफिस पर प्रदर्शन किया और नारेबाजी की। विहिप कार्यकर्ताओं ने एसपी के निर्णय की सराहना की और कहा कि यदि कोई कोई अधिकारी अथवा कर्मचारी नियम विरूद्ध आचरण करता है तो उसके विरूद्ध कार्रवाई होनी ही चाहिए।
कार्यकर्ताओं ने दरोगा का पक्ष लेने वाले सम्प्रदाय विशेष के लोगों की आलोचना की और उनके इस प्रकार के कदम को सामाजिक माहौल को खराब करने वाला बताया। उन्होंने कहा कि विहिप माहौल खराब करने वाले किसी प्रयास का प्रतिकार करेगी।
इस संबंध में विहिप ने एसपी कार्यालय में एक प्रार्थना पत्र दिया और अधिकारियों से किसी के दबाव में आकर कार्य न करने का अनुरोध किया। इस अवसर पर सुनील चौहान मुखिया, विकास शर्मा, दीपक चौहान, रवींद्र जैन, शेखर चौहान, प्रवीण गुप्ता, आकाश शर्मा, शिवम चौहान व माकति गुप्ता आदि मौजूद थे।

