- 13 नयी परियोजनाओं के लिए भी किये गए वर्क ऑर्डर जारी
- एसएससीएल बोर्ड ऑफ डारेक्टर्स बैठक में स्मार्ट सिटी परियोजनाओं हुई समीक्षा
जनवाणी संवाददाता |
सहारनपुर: मंडलायुक्त व स्मार्ट सिटी चेयरमैन डॉ.लोकेश एम ने स्मार्ट रोड से जुड़ी सभी कार्यदायी संस्थाओं पीडब्लूडी, जल निगम, आरसीसी आदि को निर्देश दिए कि जहां-जहां भी जल निगम व सीवर आदि का कार्य समाप्त हो गया है उन रोड को शीघ्र पूरा करें। उन्होंने रेलवे रोड व कोर्ट रोड की गुणवत्ता को लेकर नाराजगी जताते हुए गुणवत्ता के साथ स्मार्ट रोड का कार्य शीघ्र पूरा करने के निर्देश दिए।
मंडलायुक्त लोकेश एम सर्किट हाउस में एसएससीएल (सहारनपुर स्मार्ट सिटी लि.) बोर्ड ऑफ डारेक्टर्स बैठक में स्मार्ट सिटी परियोजनाओं की प्रगति की समीक्षा कर रहे थे। बैठक में जिलाधिकारी अखिलेश सिंह, नगरायुक्त व सीईओ ग़ज़ल भारद्वाज तथा वीसी आशीष कुमार सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे। लोकेश एम ने रायवाला रोड, मण्डी समिति रोड, रेलवे रोड व कोर्ट रोड आदि स्मार्ट रोड का उल्लेख करते हुए कहा कि आगामी चुनावों को देखते हुए मार्गो का काम शीघ्र पूरा करें ताकि यातायात में लोगों को कोई कठिनाई न हो। उन्होंने अम्बाला रोड सहित सभी मार्गो के अलावा जुबली पार्क व गांधी पार्क आदि की प्रगति के बारे में भी एक एक कर जानकारी ली। उन्होंने पार्को का कार्य शीघ्र पूरा करने के निर्देश देते हुए कहा कि जिन पार्काे में पेड़ों के कारण सोलर लाईट ठीक से कार्य नहीं कर रही है वहां उनके स्थान पर इलेक्ट्रिक लाईट लगायी जाए।
मंडलायुक्त ने आईसीसीसी की कार्यदायी संस्था एनईसी को कहा कि जिन जंक्शन पर कार्य पूरा कर लिया गया है उन्हंे जल्द चालू कराएं। उन्होंने कोर्ट रोड पर पार्किंग की समस्या को देखते हुए फुटपाथ पर पौधों के लिए छोडे़ गए स्थान को हटाकर वहां पार्किंग स्थल विकसित करने के निर्देश दिए। उन्होंने नदी पर बनाये गए पुलों को आकर्षक बनाने के लिए भी सुझाव मंागे और रेलवे रोड पर को-ऑपरेटिव बैंक के पास अवरुद्ध हुए नाले की समस्या को गंभीरता से लेते हुए उसके समाधान पर जोर दिया। सीईओ ग़ज़ल भारद्वाज ने अधिकारियों से कहा कि यह भी देखा जाएं कि यह समस्या किसके कारण पैदा हुई है ताकि उसकी जवाबदेही हो सके। उन्होंने सड़क निर्माण का कार्य कर रही कार्यदायी संस्था आर सी सी के अधिकारियों को सड़क पर उड़ने वाली धूल से बचाव के लिए शीट लगाने को कहा। इससे पूर्व विभिन्न परियाजनों के संदर्भ में कार्यदायी संस्थाओं के भुगतान को लेकर सभी डायरेक्टर्स ने गंभीरता से चर्चा के बाद भुगतान को स्वीकृति दी।
स्मार्ट सिटी की 61 स्वीकृत परियोजनाओं में 13 नयी परियोजनाओं के लिए वर्क ऑर्डर जारी करने को भी स्वीकृति प्रदान की गयी। इन परियाजनाओं में मानकमऊ में इलेक्ट्रिक बस चार्जिंग स्टेशन, जनमंच में पार्किंगे व बहुउद्देश्य हॉल, तथा स्मार्ट रोड से लिंक गलियों को आरसीसी व इण्टर लॉकिंग से ठीक कराने का कार्य शामिल है। बैठक में स्मार्ट सिटी के नोडल अधिकारी सी पी सिंह, अधिशासी अभियंता अमरेंद्र गौतम, डीजीएम सिविल दिनेश कुमार, डीजीएम फाइनेंस अमित कुमार, कंपनी सचिव शंकर तायल आदि शामिल रहे।
तीन दुकानों से 25 किलो पॉलीथिन बरामद, 12 हजार जुर्माना
सहारनपुर: नगर निगम ने ब्रहस्पतिवार को सिंगल यूज़ प्लास्टिक व प्रतिबंधित पॉलीथिन के खिलाफ अनेक बाजारांें में अभियान चलाते हुए करीब बीस दुकानों का निरीक्षण किया। तीन दुकानों से करीब 25 किलो पॉलीथिन बरामद कर दुकानदारों पर 12 हजार रुपये जुर्माना लगाया।
नगरायुक्त ग़ज़ल भारद्वाज के निर्देश पर नगर निगम द्वारा प्रवर्तन दल प्रभारी कर्नल बी एस नेगी के नेतृत्व में सिंगल यूज़ प्लास्टिक व प्रतिबंधित पॉलीथिन के खिलाफ अभियान चलाया। अभियान के तहत बेहट रोड व अंसारी रोड पर पांच-पांच तथा चिलकाना रोड पर 10 दुकानों सहित कुल बीस दुकानों की जांच की गयी। इस दौरान तीन दुकानों से करीब 25 किलो प्रतिबंधित पॉलीथिन बरामद कर 12 हजार रुपये का जुर्माना लगाया गया।
कार्रवाई के दौरान प्रवर्तन दल के हेमराज, विक्रम, प्रवीण, पवन, नबाबुद्दीन, एसएफआई, राजेश के अलावा सफाई निरीक्षक अमर ज्योति, अमित तोमर, सोम कुमार व मनोज कुमार आदि मौजूद रहे।

