- 2020 में खेत पर हुई थी किसान की हत्या, भाई समेत चार को किया गया था नामजद
जनवाणी संवाददाता |
मेरठ: कनौडा गांव में 8 मई 2020 को खेत पर सिंचाई करने आए थाना भावनपुर के गांव रूकनपुर मोरना निवासी 40 वर्षीय किसान पवन उर्फ मोनू की हत्या के मामले में दौराला पुलिस नामजद आरोपियों का लाई डिटेक्शन करायेगी। इसके लिए बृहस्पतिवार को दौराला थाना प्रभारी नामजद आरोपियों को लेकर लखनऊ में विधि विज्ञान केंद्र के लिए रवाना हुए।
यह था मामला
थाना भावनपुर के रुकनपुर मोरना गांव निवासी पवन उर्फ मोनू पुत्र त्रिलोक चंद ने वलीदपुर गांव के पास मेरठ निवासी बिट्टू अग्रवाल की कृषि भूमि पर ठेके पर ले रखी थी। 8 मई 2020 की रात में खेत पर सिंचाई करने के दौरान उसकी हत्या कर दी गई थी। घर न लौटने पर परिजन ढूंढते हुए खेत पर पहुंचे तो खून से लथपथ उसका शव मिला।
इस मामले में भाई संजीव ने सगे भाई मनोज, वलीदपुर निवासी सुशील व उसके भाई मनोज, कंकरखेड़ा थाने के जाटौली निवासी परमवीर पर हत्या का शक जाहिर करते हुए मुकदमा दर्ज कराया था। इस मामले में पुलिस ने हिरासत में लेकर चारों से पूछताछ की। परंतु, कोई ठोस साक्ष्य हाथ नहीं लगा।
चारों आरोपियोंं को लेकर लखनऊ रवाना
घटना का खुलासा करने के लिए दौराला थाना पुलिस ने कोर्ट से चारों नामजद आरोपियों का लाई डिटेक्शन कराने की मंजूरी ली। कोर्ट ने चारों का लाई डिटेक्शन कराने की मंजूरी दे दी। जिस, पर बृहस्पतिवार को दौराला थाना प्रभारी रमाकांत पचौरी चारों को लेकर लखनऊ विधि विज्ञान प्रयोगशाला में लाई डिटेक्शन कराने के लिए रवाना हो गए। थाना प्रभारी रमाकांत पचौरी ने बताया कि हत्या को लेकर लाई डिटेक्शन कराया जायेगा। दौराला थाना क्षेत्र में यह पहली बार है जब किसी का लाई डिटेक्शन कराया जा रहा है।
आईआईएमटी फायरिंग प्रकरण, आरोपी छात्र हिरासत में
आईआईएमटी फायरिंग व मारपीट प्रकरण में भावनपुर पुलिस ने कुछ छात्रों को हिरासत में लेकर पूछताछ की है।
पुलिस ने बताया कि अभिषेक भड़ाना व उदित निवासी ग्राम बीटा का नाम सामने आया है। इनकी धर पकड़ के प्रयास किए जा रहे है। बताया जा रहा है कि कुछ दिन पहले अभिषेक भड़ाना का उदित बीटा से झगड़ा हो गया था। जिसमें कुछ लोगों ने समझौता करा दिया था।
जब से इनकी रंजिश चली आ रही है और रंजिश के चलते ही यह फायरिंग की घटना को अंजाम दिया गया है। बुधवार को आईआईएमटी विश्वविद्यालय के छात्रों के दो गुटों बीच करीब 15 से 20 मिनट तक झगडा और गोली चलती रही । आईआईएमटी विश्वविद्यालय के एलएलबी के छात्र सचिन यादव की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। उसमें भी छात्रों के दो गुटों की लड़ाई थी। जिसके चलते सचिन यादव की मौत हो गई थी जिसमें सचिन यादव के हत्यारे जेल में बंद है।
हालांकि छात्रों के दोनों गुटों में से किसी को भी गोली लगने की कोई बात सामने नहीं आई है। हाथों में तमंचे और पिस्टल लहराते हुए फरार हो गए। भागते समय हमलावर सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गए हैं। पुलिस सीसीटीवी कैमरे के आधार पर बाइक के नंबर के नम्बर और हमलावरों की तलाश में जुट गई है। भावनपुर पुलिस ने कुछ छात्रों की हिरासत में पूछताछ के लिए उठाया है। बताया जा रहा है की कुछ दिन पूर्व ग्राम सिखेड़ा के चौहान बिरादरी के युवकों और उज्ज्वल चौधरी में किसी बात को लेकर विवाद हुआ था।
जिसके चलते आज रंजिशन यह घटना हुई है। अभी कुछ दिन पूर्व आईआईएमटी सी ब्लॉक में बी फार्मा के छात्र फलावदा निवासी सहल का भी सिर फोड़ दिया गया था। वह हमला भी इसी गुट के द्वारा करना बताया जा रहा है। जिस उज्ज्वल चौधरी का नाम सामने आ रहा है 2 बार जेल जा चुका है। चांटा मारने के चलते एक युवक की हत्या कर दी थी उज्जवल चौधरी ने। भावनपुर थाना प्रभारी ने बताया कि आरोपी छात्रों की गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे है और कुछ छात्रों को हिरासत में लिया गया है।
ई-रिक्शा टकराने से मारपीट, फायरिंग
लिसाड़ीगेट के आशियाना कॉलोनी के पास बाइक सवार शमशु की ई रिक्शा सवार सलमान से साइड लगने को लेकर विवाद हो गया। जिसके बाद दोनों पक्षों में मारपीट फायरिंग हुई। गोली की आवाज सुनकर स्थानीय लोगो की भीड़ हो गई। सूचना पर पहुंचकर पुलिस ने घटना की जानकारी ली। मौके से दो युवको को हिरासत में लेकर थाने ले आए। पुलिस का कहना है कि मारपीट का मामला है। दोनो के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस के मुताबिक लखीपुरा गली-18 निवासी शमशु अपने भांजे के साथ बाइक पर कपड़े का थान लेकर जा रहा था। सामने से आ रहे ई-रिक्शा सलमान से साइड लगने को लेकर विवाद हो गया। जिसके बाद दोनो पक्षों में बीच सड़क पर ही हाथापाई और लात-घुसे चले। इस दौरान राहगीरों की भीड़ जमा हो गई।
शमशु पक्ष ने फोन कर अपने साथियों को बुला लिया। आरोप है कि मारपीट करते हुए हवाई फायरिंग कर डाली। मौके पर पहुंचकर पुलिस ने दो लोगो को हिरासत में लेकर थाने ले आए। लिसाड़ीगेट थाना प्रभारी ने बताया कि साइड लगने को लेकर मारपीट हुई थी। फायरिंग की बात झूठी है। दोनो के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
चाइनीज मांझा बेचने वाले तीन पकड़े
मेरठ: लिसाड़ी गेट पुलिस ने चाइनीज मांझे पर लगाम कसते हुए तीन व्यक्तियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से भारी मात्रा में चाइनीज मांझा बरामद किया गया है। इंस्पेक्टर लिसाड़ी गेट ने बताया कि सभी के खिलाफ कार्यवाही की जा रही है। पुलिस ने आजाद रोड पर छापा मारकर यहां दुकान करने वाले लिसाड़ी गेट निवासी अनिल कुमार, अलीगढ़ निवासी मौहम्मद अनस और लिसाड़ी गेट निवासी मुन्ना भाई को गिरफ्तार किया।
आरोपियों के कब्जे से छह कार्टन चाइनीज मांझा बरामद किया गया। जिसमें चाइनीज मांझे की 360 कोन थीं। तीनों आरोपियों को गिरफ्तार करके उनके खिलाफ मुकदमा कायम किया जा रहा है। थाना प्रभारी ने चाइनीज मांझा बेचने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई का दावा किया।

