जनवाणी संवाददाता |
चांदपुर: राष्ट्रीय युवा एवं ग्रामीण विकास समिति ने मुख्यमंत्री के नाम संबोधित ज्ञापन उप जिलाधिकारी को देकर स्कूलों की तीन माह की फीस माफ किए जाने तथा शादियों का पंजीकरण अनिवार्य किए जाने की मांग की है। समिति पदाधिकारियों ने अपनी मांगों को लेकर 4 नवंबर को तहसील में सांकेतिक धरने की बात भी कहीं है।
शनिवार को तहसील परिसर में एकत्रित हुए राष्ट्रीय युवा एवं ग्रामीण विकास समिति के पदाधिकारियों व सदस्यों ने जनता की आम समस्याओं को लेकर गहनता से चिंतन किया । कार्यकर्ताओं द्वारा कोरोना काल में स्कूल बंद रहने के बाद भी स्कूल संचालकों द्वारा अभिभावकों पर फीस जमा करने के लिए दबाव बनाए जाने को अनुचित ठहराया।
वक्ताओं ने मुख्यमंत्री से कोरोना काल के तीन माह की स्कूलों की फीस माफ किए जाने की जोरदार मांग की। इतना ही नहीं कार्यकर्ताओं द्वारा जर्जर हो चुके चांदपुर हल्दौर मार्ग का पुनर्निर्माण कराए जाने सभी शादियों का पंजीकरण अनिवार्य किए जाने व पानी को बर्बाद करने वालों के खिलाफ कार्रवाई किए जाने की मांग की।
कार्यकर्ताओं ने अपनी मांगों को लेकर 4 नवंबर को तहसील परिसर में सांकेतिक धरना देने का निर्णय भी लिया। इस अवसर पर कार्यकर्ताओं द्वारा 5 सूत्रीय मांगों का मुख्यमंत्री के नाम संबोधित ज्ञापन उप जिलाधिकारी को सौंपा गया। ज्ञापन सौंपने वालों में कुलदीप सिंह, जसवीर सिंह सैनी, संदीप कुमार अजय भटनागर देवेंद्र कुमार , जीशान उद्दीन , नीरज तिवारी, नरवीर सिंह सहित कई कार्यकर्ता व पदाधिकारी मौजूद रहे।

