- मुजफ्फरनगर की रहने वाली है पहलवान, शामली के बाडी बिल्डर प्लेयर सचिन प्रताप से होगी शादी
जनवाणी संवाददाता |
मुजफ्फरनगर: गांव पुरबालियान निवासी अर्जुन अवॉर्डी महिला पहलवान दिव्या काकरान 21 फरवरी को परिणय सूत्र में बंधेंगी। उनका विवाह शामली जिले के सचिन प्रताप सिंह के साथ हो रहा है। विवाह का कार्यक्रम मेरठ में रखा गया है। दिव्या काकरान ने सोमवार को केंद्रीय मंत्री डॉ संजीव बालियान को उनके आवास पर जाकर शादी का निमंत्रण पत्र दिया।
पुरबालियान निवासी अर्जुन अवार्डी महिला पहलवान दिव्या काकरान ने 10 माह पहले अपने मंगेतर सचिन प्रताप को अंगूठी पहनाई थी। उनकी रिंग सेरेमनी का कार्यक्रम मेरठ रोड स्थित देवराना रेसॉर्ट पर आयोजित हुआ था। केंद्रीय राज्यमंत्री डॉ. संजीव बालियान सहित जानी-मानी सियासी और सामाजिक शख्सियत ने कार्यक्रम में शिरकत की थी।
इससे पहले 25 जनवरी, 2022 को दिव्या की सगाई सचिन प्रताप से एक सादे समारोह में हो चुकी थी।
दिव्या के पिता सूरज पहलवान ने बताया कि 21 फरवरी को दिव्या काकरान का विवाह शामली जनपद के गांव जाफरपुर निवासी सचिन प्रताप सिंह से होगा। उन्होंने बताया कि वैवाहिक कार्यक्रम मेरठ के गांव हड़ौली स्थित राज रिसोर्ट में रखा गया है।
उन्होंने बताया कि दिव्या के होने वाला पति सचिन प्रताप मेरठ में नेशनल बाडी बिल्डर प्लेयर हैं। सचिन प्रताप के पिता मेरठ में पीटीएस में सब-इंस्पेक्टर के पद पर तैनात हैं और वह इंस्ट्रक्टर के रूप में पुलिसकर्मियों को प्रशिक्षण देते हैं। सचिन प्रताप अपने पिता के साथ पीटीएस मेरठ स्थित सरकारी आवास में रह रहे हैं।
दिव्या राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अब तक 80 से अधिक मेडल जीत चुकी हैं। बर्मिंघम में आयोजित हुए कॉमनवेल्थ गेम्स में दिव्या ने देश की ओर से प्रतिभाग करते हुए फ्रीस्टाइल कुश्ती में कांस्य पदक जीता था। 2020 में उन्हें अर्जुन अवार्ड मिल चुका है। नवंबर 2021 में सर्बिया में हुई वर्ल्ड चैम्पियनशिप में दिव्या ने कांस्य पदक प्राप्त किया था।

