- चौकीदार हिरासत में, ढाई लाख के जेवर ले गए
जनवाणी संवाददाता |
मेरठ: थाना भावनपुर क्षेत्र की कृष्णा एनक्लेव कॉलोनी निवासी मनीष शर्मा पुत्र बालेश्वर शर्मा ने बताया कि वह बुधवार को अपने परिवार के साथ शादी समारोह में गए हुए थे। इसी बीच चोरों ने मकान का ताला तोड़कर चोरी की वारदात को अंजाम दिया। मकान का ताला टूटा देख कॉलोनी के गार्ड ने उन्हें फोन कर सूचना दी। सूचना पर वह मकान पर पहुंचे तो देखा कि मकान का ताला टूटा हुआ था।
मनीष शर्मा ने पुलिस को बताया कि हम भतीजी की शादी में गए थे। कमरे में रखी अलमारी का भी ताला टूटा मिला है। अलमारी में रखे सोने के पेंडेंट सेट, कानों के कुंडल, झुमकी, मंगलसूत्र, अंगूठी व चांदी के जेवरात सहित ढाई लाख की नकदी गायब थी। जिसके बाद घटना की सूचना थाना पुलिस को दी गई सूचना पर पुलिस फॉरेंसिक व डॉग स्क्वायड मौके पर पहुंची और मामले की गहनता से जांच पड़ताल की

इस बाबत पीड़ित ने चोरों के खिलाफ थाने में तहरीर दी है। एसएसपी रोहित सिंह सजवाण ने बताया कि चौकीदार को पूछताछ के लिये हिरासत में लिया गया है क्योंकि मकान मालिक ने चौकीदार बाहर जाने की बात बताई थी और निगरानी करने को कहा था। सिंगल गेट कालोनी होने के कारण चौकीदार शक के दायरे में है।
ईस्ट डिफेंस कालोनी में लाखों की चोरी
मेरठ: गंगानगर थाना क्षेत्र के रजपुरा गांव के सामने ईस्ट डिफेंस कॉलोनी में मकान नंबर-14 में देर रात चोरों ने मकान का ताला तोड़कर लाखों रुपये की चोरी की घटना को अंजाम दिया है। पूरा परिवार शादी में गया हुआ था। गुरुवार सुबह जब वापस लौटा तो चोरी का पता चला। मकान यूपी पुलिस के रिटायर्ड दारोगा का बताया जा रहा है। मकान मालिक के बेटे विकास ने यह जानकारी दी कि हम तो शादी में गए हुए थे,
आज सुबह लौटे तो चोरी का पता लगा। चोर मकान के दरवाजे में लगे सेंट्रल लॉक को उखाड़ कर घर में प्रवेश किया और कीमती सामान लेकर फरार हो गए। परिवार ने सूचना पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने घटना की जांच पड़ताल की तथा फॉरेंसिक टीम ने साक्ष्य एकत्र किए हैं।
चोरों ने खंगाला नगरीय प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र
मेरठ: शहर में चोरी का आतंक बदस्तूर जारी है। थाना टीपी नगर क्षेत्र लल्लापुर में बदमाशों ने बुधवार की रात नगरीय स्वास्थ्य केन्द्र के ताले तोड़कर अंदर रखा हजारों रुपये का सामान चोरी कर लिया। चोर के न्द्र में रखे दो कम्प्यूटर, दो प्रिंटर एक कूलर व अन्य इलेक्ट्रॉनिक्स सामान समेटा और फरार हो गया। गुरुवार की सुबह कर्मचारी स्वास्थय केन्द्र पर पहुुंचे तो ताला टूटे देख होश फाख्ता हो गए।
कर्मचारियों ने देखा कि कमरों में रखा कीमती इलेक्ट्रॉनिक्स सामान गायब है। यह देख उन्होंने थाना पुलिस को घटना की जानकारी दी। सूचना के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और स्टॉफ कर्मचारी से घटना की जानकारी की। थाना पुलिस ने अज्ञात में चोरी का मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस घटना की जांचपड़ताल में जुट गई है। इससे पहले भी टीपी नगर क्षेत्र में चोरी की कई वारदातें हो चुकी हैं। जिनका खुलासा थाना पुलिस अभी तक नहीं कर पाई है।

