- पुलिस ने 3 आरोपी व कार कब्जे में ली, घायल व्यापारी अस्पताल में भर्ती
जनवाणी संवाददाता |
सरधना: मंगलवार की शाम नगर में गिफ्ट सेंटर पर बैठे संचालक को कुछ लोग कार में डालकर ले गए। सूचना से पुलिस में हड़कंप मच गया। कुशावली के जंगल में ग्रामीणों ने घेरकर पकड़ लिया। पुलिस ने 3 आरोपी व कार को कब्जे में ली लिया। साथ ही घायल व्यापारी को जिला अस्पताल में भर्ती कराया।
तारणी स्ट्रीट मोहल्ला निवासी मनोज पुत्र बाबूराम मंगलवार को अपने गिफ्ट सेंटर पर बैठा था। शाम करीब 5 बजे हौंडा सिटी कार में सवार होकर 3 युवक वहां पहुंचे। आरोप है कि उन्होंने मनोज को कार में डाल लिया और फरार हो गए। आसपास के लोगों ने देखा तो हड़कंप मच गया।
बाइक पर युवकों ने उनका पीछा शुरू कर दिया और पुलिस को सूचना कर दी। कुशावली के पास कार की एक बाइक से टक्कर हो गई। तभी लोगों ने घेराबंदी करके उन्हें दबोच लिया। मौके पर पहुंची पुलिस ने आरोपियों को हिरासत में ली लिया। साथ ही घायल मनोज को जिला अस्पताल में भर्ती कराया। पीड़ित पक्ष ने कोतवाली में घटना की तहरीर दी है। इस संबन्ध में इंस्पेक्टर बिजेश कुमार सिंह का कहना है कि पकड़े गए युवकों से पूछताछ की जा रही है।

