- गंभीर हालत में घायल को मेरठ अस्पताल के लिए किया रेफर
जनवाणी संवाददाता |
बड़ौत: मेरठ जिले के सरधना कस्बे से बुलाकर एक युवक को उसके ही दो दोस्तों ने बड़ौली के जंगल में ले जाकर गोली मार दी। घायल को ग्रामीणों ने वहां पड़ा देखा तो पुलिस को सूचना दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायल को बड़ौत के एक निजि अस्पताल में भर्ती कराया।
नाजुक हालत देखते हुए चिकित्सकों ने मेरठ में हायर सेंटर के लिए रेफर कर दिया। सरधना कस्बा के मौहल्ला कुल्हड़िया निवासी मैराजुद्दीन पुत्र मोइनुद्दीन का बड़ौत व बागपत के दो युवकों के साथ दोस्ती है। घायल मैराजुद्दीन ने बताया कि उसे गुरुवार को दोनों ने फोन करके अपने पास बड़ौत बुलाया। वह उनके पास पहुंच गया।
वह दोनों किसी बहाने से बाइक पर लेकर बड़ौली से बड़का जाने वाले रास्ते पर ले गए। वहां उसे लेकर वह खड़े हो गए। अचानक ही एक दोस्त ने उसके पेट से सटाकर गोली मार दी। उसे मरा समझ कर वह वहां से फरार हो गए। गोली की आवाज व उसकी कराह को सुनकर आसपास के खेतों में काम करने वाले उसके पास आए।
सूचना पर पुलिस घटना स्थल पर पहुंची। पुलिस ने उससे पूछताछ करते हुए उसे अस्पताल में भर्ती कराया। घायल के परिजनों को घटना की सूचना पुलिस ने दी। बड़ौत से घायल को लेकर वह मेरठ ले गए। इस संबंध में बड़ौत पुलिस ने बताया कि घायल को गोली मारने वाले फरार हो गए।
उनके बारे में पता लगा है कि दोनों अपराधिक छवि के व्यक्ति हैं। एक कुछ दिन पहले ही जेल से छूटकर आया है। घायल के बारे में भी जानकारी की जा रही है। उसे गोली क्यों मारी गई। आरोपियों से पूछताछ करने के बाद ही पता लगेगा।

