- परखी व्यवस्था, हस्तिनापुर, मवाना, परीक्षितगढ़ में टीम संग पहुंचे विशेष सचिव देवेन्द्र कुशवाहा
जनवाणी संवाददाता |
मवाना: मुख्यमंत्री आदित्यानाथ योगी के जारी निर्देश पर आईएएस अधिकारी के रूप में तैयार की गई टीम में शामिल पशुधन विशेष सचिव देवेन्द्र कुमार कुशवाहा ने अपर निदेशक डा. अरुण कुमार जादौन ने मुख्य पशु चिकित्सकाधिकारी डा. अखिलेश गर्ग के साथ अचानक हस्तिनापुर की मालीपुर गोशाला के साथ मवाना एवं परीक्षितगढ़ पिंजरा पोल का भ्रमण करते हुए गोवंशों को सरकार द्वारा दिए जाने वाले हरा चारा, प्रतिदिन होने वाली चिकित्सीय सेवाओं के साथ गोवंशों का रखरखाव आदि की व्यवस्थाओं को परखा। भ्रमण में सभी व्यवस्था चाक-चौबंद मिलने पर टीम मेरठ के लिए रवाना हो गई। टीम के रवाना होने के बाद पिंजरा पोल की व्यवस्था को सुचारू संचालित करने वालों ने राहत की सांस ली।
मवाना-हस्तिनापुर रोड स्थित पिंजरा पोल मवाना के उपसभापति मुकेश गुप्ता ने बताया कि वर्तमान में उनके पिंजरा पोल परिसर में कुल नर एवं मादा 236 गोवंश संरक्षित है। जिनमें से मवाना ब्लॉक के 111, नगरपालिका मवाना के 65, फलावदा नगर पंचायत के 14 एवं पिंजरा पोल मवाना के 46 गोवंश शामिल है। सरकार से गोवंशों के लिए 22 कुंतल हरे चारे की खरीदारी होती है। जबकि छह कुंतल हरा चारा समाजसेवियों की ओर से आता है। पिंजरा पोल में हरे चारे के साथ-साथ भूसा की पर्याप्त मात्रा सुरक्षित है। उन्होंने कहा कि महीने में चार बुधवार एवं दो एकादशी होने से समाजसेवी लोग भरपूर हरा चारा दान के रूप में देते हैं।
जिसके चलते उनके चारा रिजर्व के लिए रखा जाता है। मुख्यमंत्री आदित्यानाथ योगी ने पांच से 15 अप्रैल तक आईएएस लेवल के दो अधिकारियों को पिंजरा पोल में बंधे गोवंशों की स्थिति को परखने के टीम गठित कर जिले भर की गोशालों में व्यवस्था को परखने के आदेश के मुताबिक गुरुवार को लखनऊ से मेरठ पहुंचे पशुधन विभाग के विशेष सचिव देवेन्द्र कुमार कुशवाहा के नेतृत्व में अपर निदेशक द्वितीय डा. अरुण कुमार जादौन ने सीएमओ डा. अखिलेश गर्ग के साथ अचानक हस्तिनापुर विधानसभा

क्षेत्र के गांव मालीपुर गोशाला में बंधे गोवंश की स्थिति को परखने के बाद पिंजरा पोल मे गोवंशों की हालत नाजुक देख नाराजगी जाहिर कर व्यवस्था को दुरुस्त करने के आदेश दिए। टीम मवाना-हस्तिनापुर रोड स्थित पिंजरा पोल में पहुंची और पिंजरा पोल की व्यवस्था को संचालित कर रहे उपसभापति से पूरी जानकारी ली। टीम को सभी व्यवस्था दुरुस्त मिलने पर संतोष जताते हुए परीक्षितगढ़ पिंजरा पोल के लिए रवाना हो गए। इस मौके पर पशुधन प्रसार अधिकारी डा. सोनू धामा, ग्राम पंचायत अधिकारी विपिन कुमार, पशु चिकित्सक प्रभारी डा. राकेश कुमार एवं अमित भारद्वाज आदि मौजूद रहे।

