जनवाणी संवाददाता |
लखनऊ: अदालत में गैंगस्टर संजीव जीवा की हत्या के बाद आज गुरूवार की दोपहर को पैतृक गांव शामली जिले के आदमपुर में अंतिम संस्कार कर दिया गया। बेटे तुषार ने पिता को मुखाग्नि दी। बताया गया कि अंतिम संस्कार में संजीव जीवा की पत्नी पायल माहेश्वरी नहीं पहुंची। इस दौरान शामली जिले की कई थानों की पुलिस मौजूद रही।

गैंगस्टर संजीव जीवा का शव पहुंचने से पहले एसपी ओपी सिंह के साथ कई थानों की फोर्स भी गांव में तैनात कर दी थी। गांव वालों को संजीव जीवा के मकान पर जाने से भी पुलिस ने रोक दिया। इसके साथ ही अंतिम संस्कार में शामिल होने वालों की लिस्ट भी पहले ही तैयार कर ली गई। पुलिस ने लिस्ट में नाम पते के साथ उनके मोबाइल नंबर और आईडी भी ली।


