जनवाणी संवाददाता |
परतापुर: परतापुर बाईपास स्थित डुंगरावली गांव के खाली प्लाट से ग्रामीणों की सूचना पर पुलिस ने एक काले रंग का लावारिस बैग बरामद किया। बैग से दो पिस्टल, दो तमंचे व सात जिंदा कारतूस मिले हैं। इसके अलावा बैग में दो-दो हजार के तीन नोट भी हैं।
घटना बुधवार सवेरे की है। डुंगरावली गांव स्थित खाली प्लाट में ग्रामीणों ने एक काले रंग का बैग पडे देखा तो वहां काफी ग्रामीण एकत्र हो गए। कुछ ग्रामीणों ने बैग को खोलने का प्रयास किया लेकिन कुछ ग्रामीणों ने बैग में बम होने की आशंका व्यक्त करते हुए बैग को छूने से मना कर दिया।
इसी बीच ग्रामीणों की सूचना पर पुलिस पहुंची और बैग को कब्जे में ले लिया। बैग को खोलकर देखा तो उसमें से दो देसी तमंचे, दो पिस्टल, सात जिंदा कारतूस व दो-दो हजार के तीन नोट मिले। इंस्पैक्टर रामफल सिंह का कहना है कि बदमाश किसी बडी घटना को अंजाम देने आए होंगे जो कि असफलता और बौखलाहट में बैग छोडकर भाग गए या फिर कहीं लूट की घटना को अंजाम देकर आए होंगे।
तीन शराब माफिया पकडे
परतापुर पुलिस ने बुधवार को परतापुर तिराहे से 30 देशी शराब के पव्वे व दो चाकुओं के साथ तीन लोगों को हिरासत में लिया। पूछताछ व उनके अपराधिक इतिहास से पता चला कि तीनों शराब माफिया हैं और इनका मेरठ व गाज़ियाबाद के थानों में अपराधिक इतिहास है। पकडे गए शराब माफिया विनय एर्फ विनय पंवार पुत्र किरपाल,विक्रांत उर्फ भूरा पुत्र सुरेंद्र व विपिन उर्फ सोनू पुत्र वीरपाल निवासीगण निवाडी गा0बाद हैं।