- ‘सड़क सुरक्षा-जीवन रक्षा’ यातायात माह का शुभारम्भ
- अभियान को कोविड-19 और मिशन शक्ति से जोड़ने का आह्वान
जनवाणी संवाददाता |
शामली: जीवन को सुरक्षित रखने के लिए यातायात के नियमों का पालन करना और सुरक्षित जीवन के लिए सुरक्षित यात्रा आवश्यक है। बुधवार को उक्त उद्गार जिलाधिकारी जसजीत कौर ने उप संभागीय परिवहन कार्यालय पर 18 नवंबर से प्रारंभ होकर 24 नवंबर तक चलने वाले ‘सड़क सुरक्षा-जीवन रक्षा’ तथा कोविड-19 के बचाव हेतु जन जागरूकता अभियान का शुभारम्भ करते हुए व्यक्त किए।
इस अवसर पर जिलाधिकारी ने सर्वप्रथम सड़क सुरक्षा सप्ताह प्रचार वाहनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। सड़क सुरक्षा सप्ताह के प्रथम दिवस के अवसर पर जिलाधिकारी जसजीत कौर ने उपस्थित लोगों को संबोधित करते हुए कहा कि सड़क सुरक्षा सप्ताह कई बार मनाया जाता है, परंतु इस बार इसको कोविड-19 के और मिशन शक्ति अभियान, के साथ जोड़ा जाए ताकि तीन तरह की जागरूकता इस समय हो जाए।
जिलाधिकारी ने कहा कि यातायात के जितने भी नियम है उन सभी नियमों का शत-प्रतिशत पालन हो। वाहन चलाते समय कभी भी नशे का सेवन न करें, नींद की हालत में गाड़ी ना चलाए, टू व्हीलर वाहन पर हेलमेट का प्रयोग एवं फोर व्हीलर वाहन चलाते समय सीट बेल्ट का प्रयोग आवश्यक रूप से करें।

साथ ही, यातायात के नियमों का पालन खुद भी करें और अपने घर वालों एवं रिश्तेदारों को भी इसके लिए जागरूक करें। जिलाधिकारी ने कहा कि कोरोना का खतरा अभी टला नहीं है, इसलिए कोरोना महामारी से सुरक्षा हेतु यह आवश्यक है कि फेस मास्क का इस्तेमाल अवश्य करें और सामने वाले से उचित दूरी बनाकर रखें तथा कोविड-19 की गाइड लाइन का पालन करें। इस अवसर पर एआरटीओ मुंशीलाल, एआरएम मनोज बाजपेई, टीएसआई भँवर सिंह सहित वाहन डीलर आदि उपस्थित रहे।

