
लोकसभा चुनाव 2024 के लिए माहौल लगभग तैयार हो चुका है। सभी राजनीतिक दल अपनी अपनी तैयारियों में लग चुके हैं। जहां नरेंद्र मोदी के भारतीय राजनीति में उभार के बाद गठबंधन राजनीति लगभग नेपथ्य में चली गई थी, अब वह दुबारा से राष्ट्रीय राजनीतिक परिदृश्य में उभरकर आ रही है। विपक्ष प्रधानमन्त्री नरेंद्र मोदी की जबरदस्त सफलता से घबराकर अपने आपसी मतभेदों को भुलाकर एकजुट होने की कोशिश शुरू कर रहा है, जिसके परिणामस्वरूप इंडिया नामक गठबंधन की रूपरेखा लगभग तैयार कर ली गई है। वहीं प्रधानमन्त्री मोदी ने भी इस गंठबंधन की चुनौती को गंभीरता से लेकर अपने साथी दलों के साथ एनडीए को मजबूत करना शुरू कर दिया है। दोनों तरफ की तैयारियों को देखकर लग रहा है कि 2024 के लोकसभा चुनाव में विपक्ष बीजेपी को मजबूत चुनौती देने की कोशिश में लग गया है।