- छठ पूजा महोत्सव में तीन दिन से चल रहा था उपवास
- धूमधाम से मनाया गया शामली में छठ पूजा का महोत्सव
जनवाणी ब्यूरो |
शामली: छठ महोत्सव का महापर्व शहर में पूरी आस्था, भक्ति भावना एवं सौहार्द के साथ मनाया गया। तीन दिनों से चल रहा महिलाओं का व्रत उदीयमान (उगते) सूर्य को अर्घ्य अर्पित करने के साथ ही समापन हो गया। इस दौरान महिलाओं ने उदीयमान सूर्य उपासना कर पति एवं पुत्रों की दीर्घायु की कामना की।
कार्तिक मास के शुक्ल पक्ष की सप्तमी को श्री मंदिर हनुमानधाम स्थित शिव सरोवर के तट पर शनिवार की सुबह छठ पूजा महोत्सव हर्षोल्लास से मनाया गया। शामली शहर व अपर दोआब शुगर मिल में बिहार व पूर्वी उत्तर प्रदेश के रहने वाले परिवार शिव सरोवर के तट पहुंचे जहां पर उन्होंने पूजा अर्चना कर छठ मैया के पारंपरिक गीत गाए।

सूर्योदय होने पर निर्जल व्रती महिलाओं एवं युवतियों ने सामुहिक रुप से तड़के शिव सरोवर में खड़े उदीयमान (उगते) सूर्य को अर्घ्य प्रदान किया। महिलाओं ने ईख, फल, नारियल, चना, चावल, ठेकुआ, खाजा, कसार, सूप, मूली, टोकरी, कपटी आदि से सूर्यदेव छठ मैया की पूजा अर्चना कर पति व पुत्रों की दीर्घायु होने की कामना की। इस दौरान बच्चों ने तालाब के तट पर जमकर आतिशबाजी भी की।

उपवास रखने वाली महिला कविता ने बताया कि इस पूजा के चार चरण है। जिसमें नहाय खाय, खरना, डूबते सूर्य की पूजा कर अर्घ्य, उदयीमान सूर्य की पूजा अर्चना और अर्घ्य के साथ उपवास का समापन है। पंडित संजय शास्त्री, संतोष चौबे और पंडित अंजनी तिवारी ने पूजा अर्चना संपन्न कराई।

