- दो महिलाओं ने भागकर बचाई जान
जनवाणी संवाददाता |
खेकड़ा: थाना क्षेत्र में मुबारिकपुर -फिरोजपुर मार्ग पर शादी समारोह से लौट रहे एक हलवाई को बाइक सवार दो बदमाशों ने गोली मारकर हत्या कर दी। इस दौरान हलवाई के साथ बाइक पर सवार दो महिलाओं ने भागकर अपनी जान बचाई। घटना को अंजाम देने के बाद बदमाश मौके से फरार हो गए।
महिलाओं के शोर मचाने पर ग्रामीण मौके पर पहुंचे और घटना की सूचना पुलिस को दी। ग्रामीण हलवाई को उठाकर अस्पताल लेकर पहुंचे। जहां पर डाक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलने पर एसपी व एएसपी भी मौके पर पहुंचे और घटना की जानकारी ली। पुलिस ने पंचनामा भरने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस को मौके से पिस्टल के पांच खोखा कारतूस बरामद हुए हैं। पुलिस ने इस मामले में मुकदमा दर्ज कर बदमाशों की तलाश शुरू कर दी है।
कोतावाली क्षेत्र के गांव मुबारिपुर निवासी ओमवीर का पुत्र हलवाई का कार्य करता है। बताया गया है कि शुक्रवार को वह गांव फिरोजपुर में एक शादी में खाना बनाने के लिए गया था। काम खत्म होने के बाद देर रात करीब दो बजे वह बाइक से अपने साथ काम कर रही दो महिलाओं को बाइक से खेकड़ा छोड़ने जा रहा था।

जिस समय वह गांव मुबारिकपुर-फिरोजपुर मार्ग पर गांव के निकट पहुंचा तो बाइक सवार दो बदमाशों ने उन्हें रोक लिया और हलवाई पर ताबड़तोड़ गोलियां बरसानी शुरू कर दी। इस दौरान हलवाई के साथ मौजूद महिलाएं शोर मचाते हुए गांव की तरफ दौड़ी।
शोर सुनकर ग्रामीण भी घटना स्थल की तरफ दौड़े लेकिन जब तक ग्रामीण मौके पर पहुंचे बदमाश मौके से फरार हो गए। ग्रामीणों ने इस संबंध में पुलिस को सूचना दी और हलवाई को घायल अवस्था में उठाकर अस्पताल ले गए। जहां पर डाक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
सूचना मिलने पर पुलिस भी मौके पर पहुंची और घटना की जानकारी ली। पुलिस ने पंचनामा भरने के बाद शव को पोटस्टमार्टम के लिए भेज दिया। हलवाई की मौत की खबर सुनते ही घर में कोहराम मच गया। शनिवार को सुबह एसपी अभिषेक सिंह व एएसपी मनीष मिश्र ने भी मौके पहुंचे और घटना स्थल का निरीक्षण किया। एसपी ने सीओ व कोतवाली प्रभारी को बदमाशों का पता लगाकर घटना का शीघ्र खुलासा करने के निर्देश दिए।
महिलाओं से की पूछताछ
एसपी शनिवार को करीब दो बजे तक कोतवाली खेकड़ा में ही मौजूद रहे और सीओ खेकड़ा व कोतवाली प्रभारी से केस को खोलने के संबंध में मंत्रणा की। इस दौरान एसपी ने मृतक के साथ मौजूद रही महिलाओं से भी पूछताछ की। एसपी ने बताया कि महिलाओं के अनुसार दो बदमाश एक बाइक पर सवार थे और वह गांव से ही उनके पीछे लगे थे। पुलिस हत्या के कारणों का पता लगाने का प्रयास कर रही है।

