- किसानों के आंदोलन समर्थन में एनएच-58 पर जमे रहे किसान
- बोले राकेश-19 मार्च को करेंगे दिल्ली कूच
- एनएच-58 पर जगह-जगह ट्रैक्टरों की शृंखला बनाकर लगाया जाम
- पुलिस अधिकारियों के आग्रह पर एक तरफ से शुरू करें वाहनों की आवाजाही
जनवाणी संवाददाता |
मेरठ: संयुक्त किसान मोर्चा की बैठक में लिए गए निर्णय के आधार पर सोमवार को भारतीय किसान यूनियन ने भी पंजाब के किसानों के समर्थन में आंदोलन छेड़ दिया है। इस कड़ी में सोमवार को एनएच-58 पर अलग-अलग स्थानों पर ट्रैक्टरों की शृंखला बनाकर जाम लगाया गया। पहले किसानों ने दोनों ओर ट्रैक्टर खड़े करके रास्ता अवरोध किया। बाद में पुलिस अधिकारियों के आग्रह पर एक ओर से वाहनों की आवाजाही शुरू कराई गई। जाटौली कट पर बबलू जाटौली के नेतृत्व में किसानों ने ट्रैक्टर खड़े करके रास्ता जाम किया।

यहां जाम के दौरान किसानों ने पंजाब के किसानों के आंदोलन को पूर्ण समर्थन की बात कही। भारतीय किसान यूनियन के जिला अध्यक्ष अनुराग चौधरी के नेतृत्व में किसानों ने कंकरखेड़ा बाइपास पर कैलाशी हॉस्पिटल के सामने ट्रैक्टरों की शृंखला बनाकर जाम लगाया। किसानों ने अपने साथ लाए गए ट्रैक्टर को हाइवे पर खड़ा करके मार्ग अवरुद्ध कर दिया। हालांकि कुछ देर बार अधिकारियों से हुई वार्ता के उपरांत वाहनों की आवाजाही शुरू कराई गई। भाकियू जिलाध्यक्ष अनुराग चौधरी ने इस अवसर पर कहा कि संयुक्त किसान मोर्चा और भाकियू शीर्ष नेतृत्व के आह्वान पर ट्रैक्टरों को लाकर हाइवे पर खड़ा किया गया है।

जिसका यही संदेश है कि किसान एक आवाज पर दिल्ली के लिए कूच करने को तैयार है। वहीं बाबा विजयपाल घोपला के नेतृत्व में किसान सुबह 10:30 एकत्र होकर मोहिउद्दीनपुर शुगर मिल पहुंचे। जहां मिल के सामने एनएच-58 पर इसी तरह ट्रैक्टर खड़े करके जाम लगाया गया। किसानों ने तीनों स्थानों पर अपनी मांगों के समर्थन में विश्व व्यापार संगठन का पुतला भी दहन किया। मोहिउद्दीनपुर मिल के सामने विश्व व्यापार संगठन का पुतला पहुंचने के उपरांत भारतीय किसान यूनियन का वरिष्ठ नेता विजयपाल घोपला ने कहा कि सरकार किसानों का रास्ता रोक रही है।
इसके लिए सरकार माफी मांगे। और किसानों की मांगों को पूरा करे। इस अवसर पर किसान नेता ने कहा कि विकसित देशों की भांति हिंदुस्तान में भी किसानों को ग्रांट दी जाए। विश्व व्यापार संगठन का पुतला दहन करने के बाद करीब 1:30 बजे मोहिउद्दीनपुर मिल के सामने किसानों ने अपना धरना प्रदर्शन समाप्त किया।

जबकि कैलाशी अस्पताल के सामने तीन बजे के आसपास विश्व व्यापार संगठन का पुतला दहन करने के उपरांत जाम खोला गया।और किसान अपने ट्रैक्टर लेकर लौट गए। मवाना क्षेत्र में संजय दौरालिया के नेतृत्व में किसानों ने मेरठ-पौड़ी हाइवे पर धरना दिया। दौराला में रविंद्र सिंह दौरालिया, सकौती नंगली गेट पर प्रशांत चौधरी के नेतृत्व में जाम लगाकर विरोध प्रदर्शन किया गया।
परतापुर: किसान आंदोलन को समर्थन देने के लिए सोमवार को मेरठ दक्षिण में भाकियू के वरिष्ठ नेता विजयपाल घोपला के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने ट्रैक्टर मार्च निकाला और मोहिउद्दीनपुर शुगर मिल के सामने हाइवे के वन साइड धरने पर बैठ गए। इस दौरान भाकियू नेता विजयपाल घोपला की इंस्पेक्टर क्राइम मोहनलाल की तीखी टिप्पणी पर नोकझोंक हो गई। भाकियू नेता विजयपाल घोपला का कहना था कि आज धरना सांकेतिक था, आगे बड़ा धरना दिया जाएगा। इस दौरान हाइवे पर भीषण जाम लगा रहा। इस अवसर पर किसान नेता अजय कुमार नेहरा, सुभाष, मोनू ढिंडाला, विपिन, रघुवंश, लोकेश, महबूब व दीपक सहित दर्जनों भाकियू कार्यकर्ता मौजूद रहे।

मवाना: सोमवार को भारतीय किसान यूनियन के बैनर किसानों एमएसपी सहित अन्य मांगों को लेकर ने मेरठ-पौड़ी हाइवे पर धरना दिया। संजय दोरालिया के नेतृत्व में चार घंटे चला धरना दोपहर बाद किसानों ने समाप्त कर दिया। किसानों ने हाइवे के मेरठ जाने वाली लेन पर अनेक ट्रैक्टर खड़े कर दिये, जिस कारण हाइवे पर यातायात बंद हो गया। सूचना पर पहुंची इंचौली पुलिस ने व्यवस्था संभाली और वाहनों को सर्विस रोड से निकलवाया गया। कई किसान संगठनों और सरकार के बीच 14 मार्च को बैठक होनी तय हुई है,
यदि उसमें किसानों की मांगे पूरी नहीं हुई और वार्ता असफल रही तो किसानों के ट्रैक्टर कभी भी दिल्ली की ओर कूच कर सकते हैं। उन्होंने कहा कि पहले से ही किसानों ने अपने ट्रैक्टरों के मुंह दिल्ली की ओर कर रखे है। किसानों के धरने पर उपेन्द्र सभासद दौराला, गजेंद्र टांडा सकौती, ऋषिपाल दौराला, शौकीन फिटकरी, संदीप फिटकरी, जगबीर खाईखेड़ा, बबलू खाईखेड़ा, फुरकान, सतीश, ईलम सिंह, वेदपाल, सुबोध, जितेन्द्र व संदीप भी मौजूद रहे।

दौराला: सोमवार को भाकियू कार्यकर्ताओं ने दिल्ली-दून हाइवे पर दिल्ली की ओर मुंह कर अपने ट्रैक्टर खडेÞ कर दिए। भाकियू कार्यकर्ताओं ने हाइवे पर सकौती नगली गेट और दौराला भराला कट पर हाइवे किनारे अपने ट्रैक्टर खडे कर नारेबाजी की। कार्यकर्ताओं ने दौराला-भराला कट पर विश्व व्यापार संगठन का पुतला फूंका। इंस्पेक्टर दौराला विष्णु कौशिक को राज्यपाल के नाम एक ज्ञापन सौंपा। कार्यकर्ताओं ने सिवाया टोल प्लाजा तक ट्रैक्टर मार्च निकाला। भाकियू कार्यकर्ता मिंटू अहलावत, भारतीय किसान यूनियन नेता रविंद्र सिंह दौरालिया, प्रशांत चौधरी, दौराला ब्लॉक अध्यक्ष विनोद सुरानी के नेतृत्व में अलग-अलग स्थानों पर ट्रैक्टरों का काफिला खड़ा करके जाम लगाया गया।

