- सुरक्षा की दृष्टि से मेडिकल प्रशासन ने लिया फैसला, पुराने सुरक्षा गार्ड हटाकर नए किए जाएंगे भर्ती
जनवाणी संवाददाता |
मेरठ: एलएलआरएम मेडिकल कॉलेज को अब अत्याधुनिक सीसीटीवी कैमरों से लैस किया जा रहा है। वहीं, जितने भी पुराने सुरक्षाकर्मी है, उन्हें हटाकर नए सिक्योरिटी गार्ड भर्ती किये जाएंगे। मेडिकल प्रशासन द्वारा शासन को प्रपोजल भेजा गया था, जिसे स्वीकार करने के बाद इस पर अमल किया जा रहा है। नए सुरक्षा प्रबंध की जानकारी देते हुए मेडिकल प्रशासन ने बताया कि पूरे मेडिकल कैंपस को 400 नए अत्याधुनिक सीसीटीवी कैमरों से लैस किया जाएगा। हालांकि पहले से ही कैंपस में 274 सीसीटीवी कैमरे लगे हैं, लेकिन इनसे पूरी तरह से निगरानी नहीं हो पा रही थी।
इसके लिए शासन ने 46 लाख रुपये सेंशन कर दिये हैं। कैमरों की मॉनिटरिंग के लिए कैंपस में ही एक कंट्रोल रूम बनाया जाएगा। जिसके लिए जगह का चयन किया जा रहा है। इनता ही नहीं अब सैनिक कल्याण बोर्ड से नए सुरक्षा कर्मियों की नियुक्ति होने जा रही है। जबकि पुराने सभी 73 सुरक्षा गार्डों को हटाया जाएगा। इसके साथ ही मेडिकल के ऐसे स्थान जहां रात के समय अंधेरा रहता है। वहां रोशनी की व्यवस्था की जाएगी। जबकि सभी वार्डों के बाहर और भीतर कैमरों से मरीजों व उनके तीमारदारों समेत मेडिकल के स्टॉफ की निगरानी की जाएगी।
सभी वार्डों में किसी के भी प्रवेश खसकर रात के समय करने पर चेकिंग होगी। ऐसे लोग जिनका मेडिकल कैंपस से कोई सरोकार नहीं होगा उन्हें अंदर प्रवेश नहीं करने दिया जाएगा। मेडिकल के मुख्य गेट पर सुरक्षाकर्मी तैनात रहेंगे जो हर आने-जाने वाले की निगरानी करेंगे। संदिग्ध पाए जाने वाले किसी भी व्यक्ति को चेकिंग और संतुष्टि होने के बाद ही प्रवेश दिया जाएगा। सभी कर्मचारियों व स्टॉफ के लिए ड्रेसकोड भी निर्धारित किया जाएगा जिससे उसकी दूर से ही पहचान हो सके।
कंपोजिट विद्यालय में सातवीं कक्षा की छात्रा से अश्लीलता का आरोप
मेरठ: बेसिक शिक्षा विभाग के एक स्कूल में सातवीं कक्षा में पढ़ने वाली छात्रा के साथ स्कूल के ही प्रधानाचार्य पर अश्लील हरकतें करने का आरोप लगा है। छात्रा ने घर जाकर परिजनों को घटना की जानकारी दी जिसके बाद उन्होंने जिलाधिकारी को फोन कर इंसाफ मांगा। वहीं, बीएसए ने खंड शिक्षाधिकारी को प्रकरण की जांच सौंपी है जिसकी रिपोर्ट आने के बाद आरोपी के खिलाफ विभागीय कार्रवाई करने को कहा है। इंसानियत को शर्मसार करने वाली घटना हस्तिनापुर खंड की है।
कंपोजिट विद्यालय अलीपुर मोरना की कक्षा सात में पढ़ने वाली छात्रा के परिजनों ने डीएम से शिकायत की है। शिकायत में स्कूल के प्रधानाचार्य राजन पर आरोप लगाया गया कि बीती 17 अगस्त को जब छात्रा उनके कमरे में चार्ट पेपर लेने गई तो प्रधानाचार्य ने छात्रा को अकेला पाकर उसके साथ अश्लीलता कर दी। घटना से घबराई छात्रा ने घर जाकर अपने पिता को सारी बात बताई जिसके बाद पिता ने जिलाधिकारी को फोन कर घटना से अवगत कराया। मामले की जानकारी होने पर डीएम ने बीएसए से कार्रवाई करने को कहा जिसके बाद बीएसए ने गुरुवार को खंड शिक्षाधिकारी हस्तिनापुर को प्रकरण की जांच सौंपी है।
वहीं, आरोपी प्रधानाचार्य से बात की गई तो उनकी पत्नी ने फोन रिसीव करते हुए प्रकरण को साजिश बताया। उन्होंने आरोपी से बात तो नहीं कराई लेकिन अपनी ओर से ही सफाई देते हुए कहा कि कुछ लोग उनके पति से रंजिश रखते है जिस वजह से शिकायत की गई है। मामले को लेकर जिला बेसिक शिक्षाधिकारी आशा चौधरी ने कहा कि उन्हें भी आज ही मामले की जानकारी हुई है। जिसके बाद खंड शिक्षाधिकारी को जांच सौंपी गई है। जांच रिपोर्ट आने के बाद जो भी तथ्य सामने आएगा उसके अनुसार आगे की कर्रवाई की जाएगी।

