जनवाणी संवाददाता |
मेरठ: मेरठ विकास प्राधिकरण (मेडा) की लोहियानगर योजना के किसानों ने सोमवार सुबह प्राधिकरण कार्यालय पर हल्ला बोल दिया। बड़ी संख्या में किसान ट्रैक्टर-ट्रॉली में सवार होकर मेडा परिसर में पहुंच गए और अपनी मांगों को लेकर प्रदर्शन शुरू कर दिया। किसानों ने स्पष्ट किया कि जब तक उनकी मांगों का समाधान नहीं होता, उनका अनिश्चितकालीन धरना जारी रहेगा।
किसानों का कहना है?
किसानों की प्रमुख मांग है कि लोहियानगर योजना के लिए अधिग्रहित जमीन का मुआवजा उन्हें नई भूमि अधिग्रहण नीति के तहत दिया जाए। किसानों का कहना है कि मौजूदा मुआवजा व्यवस्था उनके हित में नहीं है और उन्हें नई नीति के अनुसार उचित मुआवजा मिलना चाहिए।
किसानों के बीच मेडा के सचिव अर्पित गुप्ता भी पहुंचे और उनसे वार्ता का प्रयास किया, लेकिन किसानों ने सचिव से बातचीत करने से इनकार कर दिया। किसानों का कहना था कि वे अपनी मांगों पर स्पष्ट निर्णय चाहते हैं।
मेडा उपाध्यक्ष संजय मीणा मौके पर पहुंचे
इसके बाद मेडा उपाध्यक्ष संजय मीणा मौके पर पहुंचे। उन्होंने किसानों की समस्याएं सुनीं और उनकी मांगों पर उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया। उपाध्यक्ष ने किसानों को भरोसा दिलाया कि नई भूमि अधिग्रहण नीति के तहत मुआवजा दिलाने के लिए प्रयास किया जाएगा।
मेडा परिसर में किसानों के ट्रैक्टर-ट्रॉली लेकर पहुंचने से कुछ समय के लिए माहौल गरमा गया। अधिकारियों ने किसानों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन किसान अपनी मांग पूरी होने तक धरना जारी रखने पर अड़े रहे।

