- कृषि मंत्रालय के निर्देश पर डीएम ने गठित की टीम
- नष्ट गोभी फसल की जांच को पहुंची प्रशासन टीम
जनवाणी ब्यूरो |
कैराना: सब्जी मंडी में वाजिब दाम न मिलने से नाराज किसानों द्वारा गोभी की फसल पर ट्रैक्टर चलाकर उसे नष्ट करने के मामले मेंं सरकार हरकत में आ गई है। जिसके चलते फसल नष्ट करने की खबर का संज्ञान लेते हुए कृषि मंत्रालय के निर्देश पर प्रशासन हरकत में आ गया। जिस पर नायब तहसीलदार के नेतृत्व में गठित एक टीम गोभी किसानों के खेतों पर पहुंची तथा उनसे जानकारी की।
कैराना तहसील क्षेत्र के गांव मायापुर में तीन दिन पूर्व निवासी किसान रमेश ने खेत पर लहलहाती करीब 5 बीघा गोभी की फसल पर ट्रैक्टर चलाकर नष्ट कर दिया था। किसान का कहना था कि वह दिल्ली व अन्य मंडियों में गोभी ले गया था, लेकिन वहां पर गोभी खरीदने वाला ग्राहक नहीं मिल पाए।
कुछ मंडियों में अगर किसी ने गोभी खरीदी तो गोभी की कीमत एक प्रति किलोग्राम दी गई। इसी तरह उचित दाम न मिलने से नाराज होकर गांव झारखेडी के किसान तनवीर ने भी खेतों पर करीब 15 बीघे गोभी की फसल पर ट्रैक्टर चलाकर नष्ट कर दिया था।
किसानों द्वारा गोभी की फसल के वाजिब दाम न मिलने के कारण अपने खेतों पर ही गोभी नष्ट करने की जानकारी मिलने के बाद कृषि मंत्रालय के निर्देश पर जिलाधिकारी जसजीत कौर ने नायब तहसीलदार प्रशांत कुमार अवस्थी के नेतृत्व में एक जांच टीम का गठन किया।
जिसमें जिला उद्यान अधिकारी डा. हरित कुमार, कृषि विभाग से अमित कुमार व कृषि मंडी सचिव ओमदत्त त्यागी तथा लेखपालों की टीम को शामिल किया गया। शुक्रवार को जांच टीम अलीपुर रोड स्थित किसान रमेश के खेत पर पहुंची। जहां पर टीम ने किसान से बातचीत की। साथ ही, गोभी की फसल की उगाई की जानकारी ली। साथ ही, किसान से पूछा कि वह कौन कौन सी मंडी में कब- कब अपनी गोभी की फसल लेकर गया। जिसके बाद किसान ने टीम को पूरी जानकारी दी।
नायब तहसीलदार ने बताया कि उनके द्वारा कैराना क्षेत्र के अन्य गोभी किसानों के खेतों पर भी जानकारी ली। जांच रिपोर्ट उच्चाधिकारियों को भेजी जाएगी। जिसके बाद शासन स्तर पर मुआवजा देने का निर्णय लिया जाएगा।
ई-मार्ट आनलाइन शॉपिंग की टीम भी पहुंची
मायापुर निवासी किसान रमेश के खेत पर ई-मार्ट आनलाइन शॉपिंग की 4 सदस्यीय टीम पहुंची। डिस्ट्रिक्ट मैनेजर तानिया ने बताया कि उन्हें सोशल मीडिया पर किसान द्वारा गोभी की फसल नष्ट करने की जानकारी हुई। जिसके बाद किसान की बाकी गोभी के फोटो खींचे।
उन्होंने बताया कि अगर कोई किसान अपनी फसल बेचना चाहता है तो वह किसान की फसल का फोटो खींचकर कर क्वालिटी के साथ ई-मार्ट पोर्टल पर डालते हैं। जिसमें किसान की फसल उचित दामों पर बिक जाती हैं। वही पीड़ित किसान ने बताया कि मंडी में वाजिब दाम न मिलने के कारण उसके द्वारा अपने खेत पर गोभी की फसल नष्ट की गई हैं। उसने प्रशासन से उचित मुआवजे की मांग की हैं। बाद में टीम किसान राशिद, तनवीर व शहीद के खेतों पर भी पहुंची तथा उनकी फसलों के फोटो खींचे।

