- सीओ किठौर मौके पर पहुचे, दो हमलावर दबोचे
जनवाणी संवाददाता |
फलावदा: थाना क्षेत्र ग्राम नंगला हरेरु में मामूली कहासुनी को लेकर फायरिंग हो गई। घटना में एक महिला सहित पांच लोग जख्मी हुए है। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस ने मौके पर पहुंच कर घायलों को उपचार के लिए अस्पताल भिजवा दिया। पुलिस ने दो लोगों को हिरासत में लिया है। मामले में सात लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई गई है। घटना क्रम के मुताबिक मंगलवार को थाना क्षेत्र के गांव नंगला हरेरु में हमदान पुत्र सरफराज व भूरा पुत्र शम्मी के बीच गाली-गलौज को लेकर विवाद हो गया। विवाद मे दोनो पक्ष आमने सामने आ गये।
इस दौरान फायरिंग हो गई। बताया गया है कि गोली के छर्रे लगने से महताब पत्नी अकलीम, उमर पुत्र शम्मी, अरमान पुत्र खालिद घायल हो गए। घायल पक्ष के वसीम पुत्र मोबिन ने थाने में दी तहरीर में हमदान आदि पर फोन करके गाली-गलौज करते हुए धमकी देने का आरोप लगाया है। आरोप ये भी है कि मंगलवार को हमदान पुत्र सरफराज, फराज पुत्र अयाज, वसी पुत्र नसीम, बब्बल पुत्र वाजिद, शाद पुत्र तहजीब, शब्बू पुत्र रजी, फरीद पुत्र इरफान निवासीगण नंगला हरेरु थाना फलावदा ने घर पर चढ़कर नाजायज दो नाली बंदूक एवं अवैध पिस्टल से जान से मारने की नियत से फायरिंग शुरू कर दी।
घटना की खबर मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने घायलो को सीएचसी मवाना मेडिकल उपचार के लिये भेज दिया। मवाना से उनको मेरठ रेफर कर दिया गया है। घटना की जानकारी मिलने पर सीओ किठौर प्रमोद कुमार भी मौके पर पहुंच गए। पुलिस ने वसीम पुत्र मोबीन की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर लिया है। थाना प्रभारी राजेश कांबोज ने बताया कि मुकदमे में नामजद दो आरोपियों को भी हिरासत में लिया है। गांव में फिलहाल शांति है।
महिला पर युवक ने किया जानलेवा हमला, घायल
कंकरखेड़ा: हाइवे स्थित दायमपुर गांव में दिन निकलते ही एक युवक ने बच्चों को स्कूल छोड़कर आ रही महिला पर बेल्ट से जानलेवा हमला कर दिया। हमले में महिला सिर व मुंह पर चोट लगने से गंभीर रूप से घायल हो गई। दायमपुर गांव निवासी अलका पत्नी ओमप्रकाश ने मंगलवार को पुलिस को बताया कि पति मजदूरी करते हैं। वह सुबह के समय बच्चों को स्कूल छोड़कर वापस घर आ रही थी। इसी बीच गांव का ही एक युवक उसे मिल गया। जिसके बाद महिला ने युवक से उधार के पैसे वापस मांगे। जिसको लेकर दोनों में कहासुनी हो गई।
महिला का आरोप है कि गुस्साए युवक ने महिला पर बेल्ट से हमला कर दिया। युवक के हमले में महिला सिर में चोट लगने से गंभीर रूप से घायल हो गई। वही लहूलुहान होकर महिला सड़क पर गिर गई। शोर-शराबा सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर दौड़े। ग्रामीणों को आता देख हमलावर मौके से भाग गया। घायल महिला परिजनों संग थाने पहुंची। पुलिस ने घायल महिला को मेडिकल के लिए भेज दिया। सीओ दौराला शुचिता सिंह का कहना है की जांच का कार्रवाई की जाएगी।
उधार के रुपये मांगने पर कैंची से हमला
सरधना: मंगलवार को नवाबगढ़ी गांव में उधार के रुपये मांगना एक व्यक्ति को महंगा पड़ गया। आरोपी ने व्यक्ति पर कैंची से जानलेवा हमला कर दिया। आंख के नीचे कैंची लगने से वह घायल हो गया। कोतवाली क्षेत्र के झिटकरी गांव निवासी पवन कुमार पुत्र धारा सिंह ने पुलिस को बताया कि नवाबगढ़ी गांव में एक दर्जी उसका परीचित है। उसने करीब सात माह पूर्व छह हजार रुपये उधार लिए थे। उसने जल्द रुपये लौटाने का वादा किया था। मगर आज तक पैसे वापस नहीं किया। तकादा करने पर आरोपी लंबे समय से उसको टरकाता आ रहा है।
मंगलवार को उसने फिर से तकादा किया तो आरोपी ने गाली-गलौज करते हुए रुपये देने से इंकार कर दिया। विरोध करने पर आरोपी ने पवन पर कैंची से जानलेवा हमला कर दिया। आंख के नीचे कैंची लगने से वह घायल हो गया। शोर सुनकर वहां पहुंचे आसपास के ग्रामीणों ने पवन की जान बचाई। इसके बाद पीड़ित ने कोतवाली पर आरोपी के खिलाफ तहरीर देते हुए पुलिस से कार्रवाई की मांग की।

