- अग्निशमन विभाग ने कई इलाकों को किया चिन्हित दमकल की गाड़ियों के साथ बाइक सवार भी रहेंगे तैनात
जनवाणी संवाददाता |
मेरठ: दशहरा और दिवाली पर्व पर अग्निशमन विभाग की ओर से हर साल विशेष इंतजाम किए जाते हैं। शहर से लेकर देहात तक प्रमुख स्थानों को चिन्हित किया जाता है, जहां बड़े कार्यक्रम किए जाते है। इस बार भी विभाग की ओर से कई इलाकों का चयन किया है। जहां आग से निपटने को कड़े इंतजाम किए जाएंगे। इन स्थानों पर दमकल की गाड़ियों के साथ-साथ बाइक सवार भी तैनात किए जाएंगे।
इस साल विजयादशमी यानी दशहरा पर्व 12 अक्टूबर को मनाया जाएगा, जबकि दिवाली पर्व एक नवंबर को मनाया जाएगा। इस दोनों ही पर्व के मौके पर अग्निशमन विभाग की काफी जिम्मेदारी बढ़ जाती है। दशहरा और दिवाली के अवसर पर खासतौर पर अग्निशमन विभाग के पास करीब 100 कॉल आग की घटना के लिए आती है। इन सभी से निपटने के लिए अग्निशमन विभाग ने दशहरे के लिए 09 और दिवाली के लिए आठ जगहों को चिन्हित किया है।
मुख्य अग्निशमन अधिकारी संतोष कुमार राय ने बताया कि दशहरे के लिए टीपी नगर थाना क्षेत्र के रामलीला मैदान, सदर बाजार थाना क्षेत्र के भैंसाली मैदान, सिविल लाइन थाना क्षेत्र के सूरजकुंड, थाना कंकरखेड़ा, लालकुर्ती, सरधना, थाना मवाना के तहसील ग्राउंड, थाना दौराला और किला बस स्टैंड मवाना को चिन्हित किया गया। इसके अलावा दिवाली पर्व के लिए बेगमपुल, हापुड़ अड्डा, घंटाघर चौराहा, भूमिया का पुल, तेजगढ़ी, फुटबॉल चौराहा, थाना मवाना और थाना सरधना को चिन्हित किया गया।
उन्होंने कहा कि इन सभी जगहों पर अग्निशमन विभाग के वाहन तैनात रहेंगे। मुख्य अग्निशमन अधिकारी संतोष कुमार राय ने बताया कि जिले में चार फायर स्टेशन स्थापित है। इसके अलावा अस्थायी तौर पर सरधना में भी फायर स्टेशन है, यहां दो अग्निशमन की दो गाड़िया मौजूद रहती है, ताकि विपरित स्थिति से निपटा जा सके। उन्होंने कहा कि वैसे तो दिवाली पर पटाखों पर प्रतिबंध है, लेकिन लोग बाहर से लाकर पटाखे जलाते है। ऐसे में उन्होंने अपील की है कि बहुत ही सावधानी बरतते हुए ध्यान से पटाखे जलाएं।

