- एसडीएम और ईओ ने व्यापारियों को दी कड़ी चेतावनी
- झिंझाना में सड़क पर चल रहा रोडी, डस्ट का कारोबार
जनवाणी संवाददाता |
झिंझाना: कस्बे के ऊन रोड पर व्यापारियो द्वारा सड़क पर रोडी, बदरपुर डालकर अतिक्रमण कर व्यापार किया जा रहा है। सूचना पर पहुंची उप जिलाधिकारी और नगर पंचायत के अधिशासी अधिकारी ने व्यापारियों को सड़क से अतिक्रमण हटाने के आदेश दिए हैं। जिसके बाद से व्यापारियों में हड़कंप मचा हुआ है।
जिलाधिकारी जसजीत कौर ने गत दिनों पूर्व जनपद में सड़क पर अतिक्रमण कर रोडी, डस्ट आदि का कारोबार करने वालों के खिलाफ 50 हजार रुपये का जुर्माना लगाने के निर्देश दिए थे। जिलाधिकारी के आदेशों के क्रम में शुक्रवार की सुबह एसडीएम ऊन मणि अरोरा तथा नगर पंचायत अधिशासी अधिकारी योगेन्द्र कुमार ने ऊन रोड पर सड़क के दोनों ओर अतिक्रमण कर रहे व्यापारियों को सड़क से रोडी व डस्ट हटाने की चेतावनी दी।
अधिशासी अधिकारी योगेन्द्र कुमार ने बताया सड़क के ऊपर व्यापारियो द्वारा रोडी डस्ट डालकर अतिक्रमण कर रखा है जिससे आये दिन जाम की स्थिति बनी रहती है। उन्होंने बताया कि व्यापारियों को सड़क से अतिक्रमण हटाने के लिए नगर पंचायत द्वारा नोटिस भी जारी किये गये हैं। अगर दो दिन के अंदर सड़क के ऊपर से व्यापारियो द्वारा अतिक्रमण नहीं हटाया गया तो नगर पंचायत द्वारा माल को जब्त कर अतिक्रमण हटाया जाएगा।

