- नवरात्रि में लालची व्यापारी खुलेआम बेच रहे हैं जहरीला कुट्टू का आटा
- फूड इंस्पेक्टर की कार्यशैली पर उठ रहे सवाल, आखिर कैसे बिक रहा दूषित आटा
जनवाणी संवाददाता |
मेरठ: जिले में दूषित कुट्टू का आटा खाने से 200 से अधिक लोग बीमार पड़ गए हैं। नवरात्रि के त्यौहार पर व्रती लोग कुट्टू का आटा खाते हैं और फूड इंस्पेक्टर की सरपरस्ती में दूषित कुट्टू का आटा लालची व्यापारी धड़ल्ले से बेच रहे हैं। बताया जा रहा है कि फूड इंस्पेक्टर की दुकानदारों को खुली छूट देने के चलते यह हादसा हुआ। 200 से अधिक लोग जहरीला कुट्टू का आटा खाने की वजह से बीमार पड़ गए जिन्हें कई अस्पतालों में भर्ती कराया गया है।
आपको बता दें कि नवरात्रि में दूषित कूटू के आटे की खाद्य वस्तुएं खाने से जिले में बीमार होने वालों की संख्या दूसरे दिन 200 का आंकड़ा पार कर गई है। जिला अस्पताल में 65 मरीजों को भर्ती किया गया है। यहां कई वार्डों में कुट्टू के आटे से बीमार हुए मरीजों को भर्ती किया गया है।
इसके अलावा शहर के करीब 10 नर्सिंग होम में डेढ़ सौ से अधिक मरीज भर्ती किए गए हैं। इस घटना के बाद शासन प्रशासन में हड़कंप मच गया। डीएम ने सीएमओ को सभी मरीजों को उचित उपचार दिलाने के निर्देश दिए हैं। साथ ही खाद्य सुरक्षा विभाग को दूषित कुट्टू का आटा बेचने वाले लोगों के धरपकड़ करने वालों के खिलाफ कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।
गुरूवार को कुछ लालची व्यापारियों द्वारा दूषित कुट्टू का आटा बेचने से उसके खाए हुए व्यंजनों से सैकड़ो भक्तों की हालत बिगड़ गई। देर रात से जिला अस्पताल व नर्सिंग होम में मरीज का पहुंचना शुरू हुआ। मरीज के पहुंचने का सिलसिला शुक्रवार को और तेज हो गया।
जिला अस्पताल में कुल 65 मरीजों को भर्ती किए गए हैं। उधर, मेडिकल कॉलेज में भी बड़ी संख्या में मरीजों को भर्ती किया गया है। इसके अलावा बागपत रोड स्थित गणपति नर्सिंग होम, सिरोही नर्सिंग होम और अर्चना हॉस्पिटल, रोहटा रोड स्थित दर्शन हॉस्पिटल रीटा हॉस्पिटल, जेपी हॉस्पिटल हेल्थ केयर सेंटर, भोला रोड स्थित शिवम क्लिनिक, ऋतिक हेल्थ सेंटर में मरीजों को भर्ती किया गया है।
डीएम के आदेश के बाद सीएमओ डॉक्टर अशोक कटारिया जिला अस्पताल और कई प्राइवेट नर्सिंग होम पहुंचे और मरीजों की जानकारी ली। उन्होंने चिकित्सकों को मरीजों को बेहतर से बेहतर चिकित्सा सेवाएं देने के निर्देश दिए।

