- चप्पे-चप्पे पर होगी पुलिस की नजर, संवेदनशील इलाकों पर फोक्स
जनवाणी संवाददाता |
मेरठ: शुक्रवार को जुमे की नमाज को लेकर खास इंतजाम किए जा रहे हैं। नमाज शांति पूर्वक संपन्न हो, इसके लिए ड्रोन से निगरानी करायी जाएगी। साथ ही कोतवाली क्षेत्र स्थित जामा मस्जिद समेत शहर के तमाम प्रमुख मस्जिदों जहां जुमे की नमाज के लिए बड़ी संख्या में मुस्लिम जमा होते हैं, वहां खास निगरानी व सुरक्षा इंतजाम रहेंगे।खुद एसपी सिटी आयुष विक्रम सिंह पूरी स्थिति पर नजर रखे हुए हैं।
दरअसल, यति नरसिंमानंद के आपत्तिजनक बयान के बाद मुस्लिमों में नाराजगी और कुछ हिन्दूवादी नेताओं द्वारा यति के समर्थन में उतरने के चलते शहर के माहौल में महसूस की जा रही गरमाहट के चलते जुमे की नमाज को लेकर पुलिस अधिकारी किसी प्रकार का जोखिम मोल नहीं लेना चाह रहे हैं। जुमे की नमाज पुरअमन तरीके से निपट जाए, इसके लिए तमाम तैयारियां की जा रही हैं। नमाज के दौरान पुलिस ड्रोन से निगरानी करेगी।
शहर की कुछ खास मस्जिदों के आसपास और उनकी ओर जाने वाले रास्तों भारी पुलिस फोर्स तैनात की जाएगी। जुमे की नमाज के चलते शहर की पुरानी आबादी वाले कोतवाली, लिसाड़ीगेट, नौचंदी, देहलीगेट, लोहिया नगर ब्रह्मपुरी सरीखे थाना क्षेत्रों के संवेदनशील व अतिसंवेदनशील इलाकों में व्यापक पुलिस फोर्स की तैनाती कराए जाने की जानकारी दी गयी है। इन इलाकों में सर्किल आफिसर और थानेदार निगरानी पर रहेगी। हर घंटे का अपडेट देंगे। छोटी सी छोटी घटना को नोटिस किया जाएगा।
शहर के संवेदनशील इलाकों के थानेदारों को साफ संदेश है कि स्टैंडबाई पर रहें, कोताही की तो खैर नहीं। इलाके में जुमे की नमाज शांति पूर्वक संपन्न कराने में कोई कोर कसर न छोड़ी जाए। वहीं, इस संबंध में एसपी सिटी आयुष विक्रम सिंह ने बताया कि जुमे की नमाज को लेकर खास तैयारी की गयी है। शहर के संवेदनशील इलाकों में चौकसी बरती जा रही है। सीओ व थानेदार अलर्ट मोड पर रहेगे।
थाने के घेराव के ऐलान के बाद पुलिस पहुंची सचिन सिरोही के घर
सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे एक विवादित वीडियो में नजर आने वालों पर कार्रवाई ना करने पर थाना लिसाड़ीगेट के घेराव का ऐलान करने वाले हिन्दू वादी नेता के मानसरोवर साकेत स्थित आवास पर बुधवार की सुबह एसएचओ सिविल लाइन महावीर सिंह मयफोर्स के जा पहुंचे। हालांकि कुछ का कहना था कि सचिन सिरोही को हाउस अरेस्ट किया गया था। वहीं, दूसरी ओर हिन्दू नेता ने बताया कि पुलिस वालों ने उन्हें लिसाड़ी गेट थाने में किसी भी प्रकार का आंदोलन एवं धरना प्रदर्शन करने के लिए मना किया, लेकिन उन्हें साफ बता दिया गया
और यह चेतावनी दी थी कि अगर 24 घंटे के अंतर्गत सिर तन से जुदा के नारे लगाने वाले लोगों पर मुकदमा पंजीकृत एवं गिरफ्तारी नहीं की जाती है तो लिसाड़ी गेट थाने में धरना दिया जाएगा। पुलिस हेट स्पीच देने वाले आजाद समाज पार्टी के नेता अनस पर कार्रवाई करे। वैसे भी प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी के सख्त आदेश है कि किसी भी प्रकार की अराजकता किसी भी धर्म के व्यक्तियों द्वारा बर्दाश्त नहीं की जाएगी। यदि कार्रवाई नहीं की गयी तो थाना लिसाड़ीगेट का घेराव किया जाएगा।

