- बजट 70 लाख फिर भी निर्माण सामग्री ऊंट के मुंह में जीरा
जनवाणी संवाददाता |
फलावदा: स्थानीय नगर पंचायत द्वारा 15वें वित्त आयोग के अन्तर्गत 70 लाख रुपए की लागत से बन रही बिटुमन रोड पर निर्माण सामग्री पर्याप्त न लगाए जाने से नागरिकों में रोष व्याप्त हो रहा है। नई सड़क का निर्माण पुरानी सड़क पर लेपन कार्य करके ही पूरा किया जा रहा है। कई सभासदों के अलावा नागरिकों ने बताया कि नगर पंचायत द्वारा 15वें वित्त आयोग से लगभग 70 लाख रुपए की लागत वाली बिटुमन रोड का निर्माण मानक के विरुद्ध कराया जा रहा है।
अटल चौक से पुराने बस स्टैंड तक साइड पटरी एवं डिवाइडर निर्माण कार्य जिलाधिकारी से मंजूरी मिलने के बाद शुरू कराया गया था। बताया जा रहा है कि इस सड़क को पुरानी सड़क पर ही करीब एक इंच रोड़ी डालकर नया बनाने का काम चल रहा है। निर्माण में लगने वाली सामग्री ऊंट के मुंह में जीरा बताई जा रही है।
इस संबंध में जिलाधिकारी से शिकायत की गई है। हालाकि उक्त सड़क निर्माण शुरू से ही विवादित होकर रहा है। नगरिकों का कहना है कि गुणवत्ता के अभाव में उक्त सड़क पहली बरसात भी नहीं झेल पाएगी। निर्माण के साथ साथ ही उक्त सड़क क्षतिग्रस्त भी होने लगी है। नागरिक लाखों के बजट के बावजूद खानापूर्ति के साथ बन रही सड़क से संतुष्ट नहीं हैं। सभासद विकार अहमद ने निर्माण कार्य में अनियमित्ता का आरोप लगाया है।
नगर पंचायत के चेयरमैन अशोक सैनी का कहना है कि ठेकेदार द्वारा पीडब्ल्यूडी से बने एस्टीमेट से अधिक सामग्री का उपयोग किया जा रहा है। उसके मुताबिक निर्माण कार्य चल रहा है। जरूरत के अनुसार जल्द ही इस सड़क को पुन: बनवा दिया जायेगा।

