जनवाणी संवाददाता |
मेरठ: रोहटा रोड स्थित गॉडविन पब्लिक स्कूल में नवरात्रि महोत्सव और दशहरा पर्व के अवसर पर डांडिया नृत्य और श्रीरामलीला का आयोजन किया गया। इस अवसर पर छात्र-छात्राओं ने सांस्कृतिक कार्यक्रमों को प्रस्तुत कर सभी का मन मोह लिया। किंडर गार्डन के नन्हे मुन्ने बच्चों ने श्री राम, माता सीता, लक्ष्मण, भरत, शत्रुघ्न, हनुमान तथा रावण की प्रति छाया बनकर सभी के समक्ष रामलीला की मनमोहक प्रस्तुति दी। जिसमें श्रीराम समेत चारों भाइयों के विवाह, भगवान राम का वनवास जाना, सीता हरण, रावण वध व श्रीराम का माता सीता व लक्ष्मण सहित अयोध्या वापस आना दर्शाया गया। नन्हें कलाकारों के भावपूर्ण अभिनय ने सभी को तालियां बजाने पर विवश कर दिया।
कक्षा प्रथम से पांचवी तक के छात्र छात्राओं ने विद्यालय के प्रांगण में डाडिया नृत्य की प्रस्तुतियों से सभी को मंत्रमुग्ध कर दिया और कक्षा छठी से आठवीं तक के विद्यार्थियों ने अपने अभिनय द्वारा नवरात्रि में दशहरे के पावन पर्व पर मां दुर्गा के नौ रूपों का वर्णन किया व मर्यादा पुरुषोत्तम श्रीराम द्वारा बुराई पर अच्छाई की जीत को दर्शाते हुए पर्व का महत्व समझाया। इस अवसर पर विद्यालय के प्रधानाचार्य डॉक्टर विनम्र शर्मा ने दशहरे के त्यौहार पर प्रकाश डालते हुए सभी प्रतिभागियों को प्रोत्साहित किया तथा उनके उज्जवल भविष्य के लिए कामना की।

