जनवाणी संवाददाता |
मेरठ: दिल द मामला है। जी हां? ढोलक की थाप पर नाचते हुए न जाने कब सोमी का दिल सनी पर आ गया, पता ही नहीं चला। सनी ने सोमी का लिंग परिवर्तन कराकर उसको शालू नाम देने के बाद ब्याह रचा लिया। लेकिन सनी का दिल कुछ समय बाद ही शालू से भर गया। इसलिए उसने एक नाबालिग को अपने जाल में फंसाया और उसके फर्जी दस्तावेज तैयार कराकर उससे कोर्ट मैरिज कर ली। अब शालू न्याय के लिए अफसरों के ऑफिसों के चक्कर काट रही है।
सोमवार को यह विचित्र मामला एसएसपी डॉ. विपिन ताड़ा के कार्यालय पहुंचा। उस समय एसएसपी ऑफिस में एसपी क्राइम अवनीश कुमार समस्याएं सुन रहे थे। हापुड़ जनपद के ग्राम हरनाथपुर कोटा निवासी सोमी उर्फ शालू वर्तमान में टीपीनगर थाना क्षेत्र के लल्लापुरा, नई बस्ती में रही है। सोमी सेक्सुअल ब्वॉज था। वह अपने गांव के ढोलकिया सनी के साथ रहता था।
सोमी का सनी पर दिल आ गया। फिर, सनी की सहमति से सोमी ने उससे शादी कर ली। इससे पूर्व शादी के लिए लिंग बाधा बनी तो सनी ने सोमी का धोखे से लिंग परिवर्तन कराकर उसको दूर कर दिया। अब सोमी, शालू बन चुकी थी। एसएसपी को संबोधित शिकायती पत्र में आरोप लगाए कि धीरे-धीरे उसे सनी की असलियत का पता चला। वह नाबालिग लड़कियों को अपने जाल में फंसाता है। फिर, उनका सेक्सुअल हरेसमेंट करता है। इसका एक मुकदमा हापुड़ जनपद के बाबूगढ़ थाने में 12 फरवरी 2020 को दर्ज हुआ था। जब उसने नाबालिग लड़कियों के उत्पीड़न का विरोध किया तो सनी ने भरोसा दिया कि वह भविष्य में ऐसा नहीं करेगा। लेकिन अब एक नाबालिग लड़की के उत्पीड़न का मामला और सामने आ गया। एसएसपी से शिकायत में सोमी उर्फ शालू ने आरोप लगाए कि सनी ने मेरठ की नाबालिग लड़की को अपने जाल में फंसा लिया। साथ ही, उसके फर्जी दस्तावेज तैयार कराकर उससे कोर्ट मैरिज कर ली। इतना ही नहीं, उसने दूसरी शादी को रजिस्टर्ड करा लिया है। सनी की नई शादी का मैरिज सर्टिफिकेट गतम 21 मई को भी जारी कर दिया गया है।
सनी की दूसरी पत्नी ने जताई हत्या की आशंका
जानी थाना क्षेत्र के गांव शेखपुरी निवासी वर्षा ने सनी से कोर्ट मैरिज की। 21 मई को मैरिज रजिस्टर्ड होने के अगले ही दिन उसने एक शिकायती पत्र एसएसपी को सौंपा। पत्र में वर्षा ने आरोप लगाए कि सनी से शादी करने के बाद से उसके माता-पिता तथा भाई बहन खुश नहीं है। इसलिए वे उसकी हत्या करा सकते हैं या फिर उसके पति सनी को फर्जी मुकदमे में फंसा सकते हैं। वर्षा ने एसएसपी से जानी थाना पुलिस को उसके माता पिता के खिलाफ कार्रवाई के लिए निर्देशित करने की मांग की है।
अप्रैल में कार्रवाई से किया था इंकार
सोमी उर्फ शालू ने अपने पति सनी के साथ चल रहे विवाद को लेकर एक शिकायती पत्र टीपी नगर थाना पुलिस को दिया था। इसके बाद शालू-सनी के बीच विवाद का निपटारा हो गया। जिस पर शालू ने एक पत्र गत 11 अप्रैल को टीपी नगर थाना पुलिस को दिया था। पत्र में सोमी उर्फ शालू ने कहा था कि उसके पति सनी से चल रहा, उसका विवाद अब खत्म हो चुका है इसलिए वह मामले में अब कोई कार्रवाई नहीं चाहती है।

