नमस्कार,दैनिक जनवाणी डॉटकॉम वेबसाइट पर आपका हार्दिक स्वागत और अभिनंदन है। लीड्स के हेडिंग्ले स्टेडियम में आज से भारत और इंग्लैंड के बीच पांच टेस्ट मैचों की बहुप्रतीक्षित तेंदुलकर-एंडरसन ट्रॉफी का आगाज़ हो रहा है। मुकाबला भारतीय समयानुसार दोपहर 3:30 बजे से शुरू होगा। इसी के साथ दोनों टीमें वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप (WTC) 2025-27 चक्र में अपने अभियान की शुरुआत करेंगी।
भारत पिछली दोनों WTC फाइनल (2021 में न्यूजीलैंड और 2023 में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ) में उपविजेता रहा है, जबकि इंग्लैंड अब तक एक भी फाइनल में नहीं पहुंच पाया है। इस सीरीज में भारतीय टीम की कमान युवा बल्लेबाज़ शुभमन गिल के हाथों में है, जबकि इंग्लैंड की अगुवाई अनुभवी ऑलराउंडर बेन स्टोक्स कर रहे हैं।
हेडिंग्ले में भारत का प्रदर्शन
हेडिंग्ले में भारत का रिकॉर्ड कमजोर रहा है। यहां खेले गए 7 टेस्ट मैचों में से भारत ने सिर्फ 2 में जीत दर्ज की है, जबकि 4 में उसे हार और 1 मैच ड्रॉ रहा। साल 2021 में इसी मैदान पर भारत को इंग्लैंड से पारी और 76 रन से हार झेलनी पड़ी थी।
ऐतिहासिक रिकॉर्ड
भारत और इंग्लैंड के बीच टेस्ट क्रिकेट में अब तक 136 मैच खेले जा चुके हैं, जिनमें
इंग्लैंड ने 51
भारत ने 35
जबकि 50 मैच ड्रॉ रहे हैं।
इंग्लैंड की ज़मीन पर भारत ने अब तक 67 टेस्ट खेले हैं, जिनमें से सिर्फ 9 में जीत दर्ज की है। भारत ने इंग्लैंड में आखिरी बार 2007 में राहुल द्रविड़ की कप्तानी में टेस्ट सीरीज जीती थी।
खिलाड़ियों की फॉर्म
इंग्लैंड के जो रूट जबरदस्त फॉर्म में हैं। पिछले एक साल में उन्होंने 1270 रन बनाए हैं, जिसमें 5 शतक और 4 अर्धशतक शामिल हैं।
हैरी ब्रूक ने भी 1100 रन बनाए हैं और टीम को मजबूती दे रहे हैं।
गेंदबाजी में स्पिनर शोएब बशीर और तेज़ गेंदबाज़ क्रिस वोक्स (अब तक 32 विकेट) इंग्लैंड के प्रमुख हथियार होंगे।
प्रमुख तेज गेंदबाज़ जेम्स एटकिंसन इस मुकाबले में नहीं खेल रहे हैं।

