नमस्कार, दैनिक जनवाणी डॉटकॉम वेबसाइट पर आपका हार्दिक स्वागत और अभिनंदन है। एसिड रिफ्लक्स या सीने में जलन एक आम समस्या है, जिससे लगभग हर व्यक्ति कभी न कभी दो-चार बार गुजरता है। यह तब होता है जब पेट का एसिड ऊपर की ओर भोजन नली (ईसोफैगस) में चला जाता है। इस स्थिति में सीने में तेज जलन, गले में खट्टा या अम्लीय स्वाद, और कभी-कभी खाँसी या गले में खराश जैसी समस्याएँ महसूस हो सकती हैं। इन लक्षणों को नजरअंदाज करना खतरनाक हो सकता है क्योंकि यह गैस्ट्रोएसोफेगल रिफ्लक्स डिजीज का रूप ले सकता है।
इस समस्या के पीछे हमारी कुछ खाने-पीने की आदतें सीधे तौर पर जिम्मेदार होती हैं। मसालेदार और ज्यादा फैट वाला खाना, ज्यादा कॉफी और शराब का सेवन, और अनियमित खान-पान कुछ ऐसे प्रमुख कारण हैं जो इस समस्या को बढ़ा देते हैं। आइए जानते हैं कि किन चीजों को खाने से एसिड रिफ्लक्स होता है और इसके पीछे के प्रमुख कारण क्या हैं?
मसालेदार और तला-भुना खाना
मसालेदार और तला-भुना भोजन एसिड रिफ्लक्स का सबसे बड़ा कारण है। मिर्च और मसाले पेट में एसिड के उत्पादन को बढ़ाते हैं। इसी तरह का ज्यादा तेल और फैट वाला भोजन धीरे-धीरे पचता है, जिससे पेट में लंबे समय तक एसिड बना रहता है और एसिड रिफ्लक्स की आशंका बढ़ जाती है। इसलिए विशेषज्ञ इन चीजों से परहेज करने का या बहुत सीमित मात्रा में इसका सेवन करने का सुझाव देते हैं।
खट्टे फल और टमाटर
कुछ खट्टे फल, जैसे संतरा और नींबू, और टमाटर भी कुछ लोगों में एसिडिटी का कारण बन सकते हैं। इनमें मौजूद एसिड पेट के एसिड को बढ़ा देता है, जिससे सीने में जलन हो सकती है। हालांकि, यह हर किसी के साथ नहीं होता, लेकिन अगर आपको इन चीजों को खाने के बाद परेशानी होती है, तो इनका सेवन कम करें।
कैफीन, चॉकलेट और शराब
कॉफी, चाय, चॉकलेट और शराब में कुछ ऐसे तत्व होते हैं जो भोजन नली और पेट के बीच की मांसपेशी को ढीला कर देते हैं। इस मांसपेशी को लोअर इसोफेगल स्फिंक्टर कहते हैं, जो एसिड को ऊपर आने से रोकती है। जब यह मांसपेशी ढीली हो जाती है, तो पेट का एसिड आसानी से ऊपर आ जाता है।
बचाव के तरीके
एसिड रिफ्लक्स से बचने के लिए अपनी खाने-पीने की आदतों में बदलाव लाना जरूरी है। छोटे-छोटे अंतराल पर कम खाना खाएं, रात में सोने से 2-3 घंटे पहले खाना खा लें, और भोजन को धीरे-धीरे चबाकर खाएं। ज्यादा तला-भुना और मसालेदार खाने से बचें। अगर समस्या बनी रहती है, तो डॉक्टर से सलाह लें।

