नमस्कार, दैनिक जनवाणी डॉटकॉम वेबसाइट पर आपका हार्दिक स्वागत और अभिनंदन है। टीवी की दुनिया में ‘बालिका वधू’ से घर-घर में पहचान बनाने वाली अभिनेत्री अविका गौर अब अपने जीवन के सबसे खास अध्याय की ओर बढ़ रही हैं। अविका इन दिनों अपने बॉयफ्रेंड मिलिंद चंदवानी के साथ शो ‘पति, पत्नी और पंगा’ में नजर आ रही हैं। अब उनके रिश्ते की यह कहानी एक नई शुरुआत लेने जा रही है। दरअसल, अविका गौर अपने मंगेतर मिलिंद चंदवानी के साथ 30 सितंबर 2025 को शादी के बंधन में बंधेंगी। यह शादी सिर्फ परिवार और दोस्तों तक सीमित नहीं रहेगी। पूरा समारोह नेशनल टेलीविजन पर लाइव प्रसारित किया जाएगा, ताकि देशभर के फैंस भी इस खुशी के पल का हिस्सा बन सकें।
यह सपना नहीं, बल्कि मेरी जिंदगी की हकीकत है
अविका ने इस खुशी को साझा करते हुए कहा कि अभी भी उन्हें यकीन नहीं हो रहा कि यह सब सच में हो रहा है। उन्होंने कहा, ‘कभी-कभी सुबह उठते ही खुद को याद दिलाना पड़ता है कि यह सपना नहीं, बल्कि मेरी जिंदगी की हकीकत है। मैं खुद को बेहद भाग्यशाली मानती हूं कि मुझे मिलिंद जैसा साथी मिला, जो न केवल मेरा समर्थन करते हैं बल्कि मुझे आगे बढ़ने की प्रेरणा भी देते हैं।’
अब सपना होगा साका
28 साल की अविका ने अपनी शादी को नेशनल टेलीविजन पर दिखाने का फैसला यूं ही नहीं लिया। उन्होंने कहा कि साल 2008 से वो लगातार लोगों के सामने रही हैं और दर्शकों से उन्हें हमेशा बेहिसाब प्यार और दुआएं मिली हैं। यही वजह है कि उन्होंने चाहा कि उनके चाहने वाले भी इस सफर का हिस्सा बनें। उन्होंने मुस्कुराते हुए याद किया कि बचपन में अक्सर कहा करती थीं कि या तो उनकी शादी कोर्ट में होगी, जिसके बारे में किसी को पता भी नहीं चलेगा या फिर इतनी बड़ी होगी कि पूरा देश जश्न में शामिल होगा। अब जाकर उनका वो सपना साकार हो रहा है।
परिवार का रिएक्शन
अविका ने बताया कि परिवार की बात करें तो इस फैसले को सुनकर सभी बेहद खुश हैं। अविका ने कहा, ‘जब शादी का निमंत्रण सेट पर पहली बार दिखाया गया तो मां भावुक हो गईं। शादी के कार्ड अभी आधिकारिक रूप से बांटे नहीं गए हैं। परिवार का कहना है कि पहले वो सिद्धिविनायक मंदिर जाकर भगवान का आशीर्वाद लेंगे, उसके बाद ही कार्ड बांटे जाएंगे।’
शादी के लुक को लेकर अविका ने साफ कहा है कि वो पारंपरिक अंदाज ही अपनाएंगी। उन्होंने बताया कि उनके लिए लाल रंग सबसे खास है और वो अपनी शादी में केवल लाल जोड़ा ही पहनेंगी। उन्होंने यह भी कहा कि मेहमानों से उन्होंने हल्के रंगों के कपड़े पहनने को कहा है ताकि उनकी ब्राइडल ड्रेस अलग और खास लगे।
कौन-कौन होगा शादी में शामिल?
अविका की मानें तो उनके कुछ करीबी दोस्त जैसे हर्ष लिंबाचिया, भारती सिंह, जन्नत जुबैर और अली गोनी शूटिंग शेड्यूल के चलते शादी में शामिल नहीं हो पाएंगे, लेकिन सभी ने उन्हें वीडियो संदेश और शुभकामनाएं भेजी हैं। अविका ने भावुक होकर बताया कि नागार्जुन, अनुपम खेर और महेश भट्ट जैसे दिग्गज कलाकारों ने भी उन्हें आशीर्वाद भेजा है। ये प्यार और सम्मान उनके लिए बेहद खास है।

