Home Discover Entertainment Tanushree Dutta: आखिर कौन हैं वो स्टार जिसपर तनुश्री दत्ता ने किया बड़ा हमला? बोलीं “फार्महाउस के चक्कर काटे बिना तुम स्टार कैसे बन गए?”

Tanushree Dutta: आखिर कौन हैं वो स्टार जिसपर तनुश्री दत्ता ने किया बड़ा हमला? बोलीं “फार्महाउस के चक्कर काटे बिना तुम स्टार कैसे बन गए?”

0
Tanushree Dutta: आखिर कौन हैं वो स्टार जिसपर तनुश्री दत्ता ने किया बड़ा हमला? बोलीं “फार्महाउस के चक्कर काटे बिना तुम स्टार कैसे बन गए?”

जनवाणी ब्यूरो |

नई दिल्ली: बॉलीवुड एक बार फिर सुर्खियों में है, और इस बार वजह बनी हैं एक्ट्रेस तनुश्री दत्ता, जिन्होंने बिना किसी का नाम लिए फिल्म इंडस्ट्री के एक ताकतवर अभिनेता पर तीखा हमला बोला है। हालांकि उन्होंने किसी का नाम नहीं लिया, लेकिन उनके इशारे साफ तौर पर सलमान खान की ओर जाते नजर आ रहे हैं।

हाल ही में सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे एक वीडियो में तनुश्री दत्ता कहती नजर आ रही हैं “हमारे तलवे चाटे बिना तुम फेमस कैसे हो गए, हमारे फार्महाउस के चक्कर काटे बिना तुमको हीरोइन का दर्जा कैसे मिल गया, हमारे रिकमेंडेशन के बिना तुम स्टार कैसे बन गए… सहन नहीं होता उनको, उनकी आत्मा अंदर से जलती रहती है।”

तनुश्री के इस बयान ने इंडस्ट्री में हलचल मचा दी है। उनके लहजे और बातों से ऐसा प्रतीत होता है कि उन्होंने सीधे-सीधे बॉलीवुड के उस सिस्टम को चुनौती दी है, जिसमें कुछ प्रभावशाली लोग खुद को सफलता का गेटकीपर समझते हैं। इस बयान के बाद कई लोग सोशल मीडिया पर तनुश्री का समर्थन करते नजर आए हैं, तो कुछ लोगों ने इसे “पुरानी दुश्मनी का ताजा हमला” बताया है।

दिलचस्प बात ये है कि हाल ही में ‘दबंग’ फिल्म के डायरेक्टर और चर्चित फिल्ममेकर अनुराग कश्यप ने भी सलमान खान को लेकर विवादास्पद बयान दिए हैं, जिसमें उन्हें “गुंडा” तक कह दिया गया। ऐसे में तनुश्री का यह वीडियो उसी संदर्भ में देखा जा रहा है।

इंडस्ट्री में अंदरूनी राजनीति पर सवाल

तनुश्री का बयान न सिर्फ किसी एक व्यक्ति पर हमला है, बल्कि यह बॉलीवुड की उस पुरानी बहस को फिर से हवा देता है जिसमें नेपोटिज़्म, फेवरेटिज़्म और पावर पॉलिटिक्स जैसे मुद्दे लगातार उठते रहे हैं।

बॉलीवुड में अपना मुकाम बना चुके या फिर बाहर से आए कलाकारों के लिए यह सिस्टम कितना चुनौतीपूर्ण होता है, इसे तनुश्री के शब्दों में साफ तौर पर महसूस किया जा सकता है।

क्या होगा अगला कदम?

अब देखना ये होगा कि जिस ओर तनुश्री ने इशारा किया है, उस व्यक्ति या उनके समर्थकों की तरफ से कोई प्रतिक्रिया आती है या नहीं। साथ ही, क्या ये बयान किसी कानूनी कार्रवाई का कारण बन सकता है? ये आने वाला वक्त बताएगा।