नमस्कार, दैनिक जनवाणी डॉटकॉम वेबसाइट पर आपका हार्दिक स्वागत और अभिनंदन है। बॉलीवुड एक्ट्रेस यामी गौतम और एक्टर इमरान हाशमी की बहुप्रतीक्षित फिल्म ‘हक’ को सेंसर बोर्ड से बड़ी राहत मिल गई है। फिल्म को यूए (UA) सर्टिफिकेट के साथ रिलीज की मंजूरी दी गई है, यानी 13 साल से ऊपर के दर्शक इस फिल्म को सिनेमाघरों में देख सकेंगे। खास बात यह है कि सेंसर बोर्ड ने फिल्म पर किसी भी तरह का कट नहीं लगाया है, जो फिल्म निर्माताओं के लिए बड़ी राहत की बात है। 7 नवंबर को सिनेमाघरों में रिलीज होने जा रही ‘हक’ को लेकर दर्शकों में पहले से ही उत्सुकता बढ़ चुकी है
यामी-इमरान की फिल्म को मिली क्लीन चिट
जंगली पिक्चर्स के बैनर तले बनी इस फिल्म को सुपर्ण एस वर्मा ने डायरेक्ट किया है। फिल्म को भारत के अलावा यूएई, ऑस्ट्रेलिया, न्यूज़ीलैंड और यूके के सेंसर बोर्ड से भी क्लीन चिट मिल चुकी है। सभी देशों में इसे परिवार सहित देखने योग्य बताया गया है। फिल्म ट्रेड एनालिस्ट तरण आदर्श ने सोशल मीडिया पर जानकारी दी कि ‘हक’ को भारत में 28 अक्टूबर 2025 को UA 13+ सर्टिफिकेट मिला है, जबकि यूएई में PG15, और बाकी देशों में PG रेटिंग दी गई है।
क्या बोले यामी गौतम?
यामी गौतम ने हाल ही में बातचीत करते हुए खुलासा किया कि फिल्म में किसी भी देश में कोई कट नहीं लगाया गया है। खासतौर पर यूएई में इसे 15+ सर्टिफिकेट मिला है, जिसका मतलब है कि यह फिल्म हर किसी के लिए उपयुक्त है। यामी ने कहा, ‘अगर वहां किसी समुदाय को लेकर कोई आपत्ति नहीं है, तो भारत में भी चिंता की बात नहीं होनी चाहिए।’ उन्होंने यह भी कहा कि यह फिल्म किसी धर्म या विचारधारा के खिलाफ नहीं बल्कि समाज में एक स्वस्थ बहस की जरूरत पर बनी है।
फिल्म की कहानी
‘हक’ की कहानी भारतीय संविधान के अनुच्छेद 44 में वर्णित समान नागरिक संहिता और दंड प्रक्रिया संहिता की धारा 125 से प्रेरित है। फिल्म एक मां की कहानी दिखाती है जो अपने और अपने बच्चों के अधिकारों की लड़ाई अदालत में लड़ती है। कहानी धर्म, परिवार, पहचान और न्याय जैसे गंभीर मुद्दों को संवेदनशीलता से छूती है।
फिल्म में यामी गौतम और इमरान हाशमी के अलावा शीबा चड्ढा, वार्तिका सिंह, दानिश हुसैन और असीम हट्टनगड़ी जैसे कलाकार भी महत्वपूर्ण भूमिकाओं में नजर आने वाले हैं। जंगली पिक्चर्स के साथ इंसोम्निया फिल्म्स और बवेजा स्टूडियोज़ ने भी इस फिल्म को प्रोड्यूस किया है।

